कक्षा पांच की छात्रा के तीन घंटे तक स्कूल में बंद रहने पर BSA मेरठ ने की कार्रवाई, दो टीचर सस्पेंड
Meerut News: मेरठ के सरूरपुर ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय में छात्रा के कक्षा में बंद रह जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। बीएसए ने प्रधानाध्या ...और पढ़ें

कक्षा पांच की छात्रा के तीन घंटे तक स्कूल में बंद रहने के मामले में दो टीचर सस्पेंड।
HighLights
दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू।
तीन शिक्षिकाओं को चेतावनी, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। सरूरपुर ब्लाक के बहादरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर-1 में कक्षा पांच की छात्रा के कक्षा में बंद रह जाने के मामले में बीएसए आशा चौधरी ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापक एवं एक सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया है। साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करा दी है।
वहीं, तीन सहायक अध्यापिकाओं के सेवा अभिलेख में परिनिंदा प्रविष्टि दर्ज करते हुए उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई। हालांकि खंड शिक्षा अधिकारी की जांच में छात्रा के करीब दो घंटे तक कक्षा में बंद रहने की बात सामने आई है। जबकि ग्रामीणों के अनुसार छात्रा करीब तीन घंटे तक कक्षा में बंद रही।
यह था मामला
बहादरपुर निवासी संजय की बेटी रश्मि प्राथमिक विद्यालय नंबर-1 में कक्षा पांच की छात्रा है। जबकि उसकी बड़ी बहन लक्की कक्षा आठ में पढ़ती है। शनिवार को विद्यालय निर्धारित समय से पहले बंद कर दिया गया था। आरोप है कि छुट्टी के बाद शिक्षकों ने कक्षाओं की जांच किए बिना ही ताला लगा दिया, जिससे रश्मि कक्षा के अंदर ही बंद रह गई।
रश्मि के काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की। जब उसका पता नहीं चला। इस पर स्वजन और ग्रामीण विद्यालय पहुंचे। जहां लगभग तीन घंटे बाद छात्रा को कक्षा का ताला खोलकर बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में शिक्षकों की कार्यशैली को लेकर आक्रोश फैल गया। सोमवार को दर्जनों ग्रामीण विद्यालय पहुंचे व प्रधानाध्यापक समेत शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- मेरठ के स्कूल में बिलखती रही मासूम, टीचर ताला लगाकर चले गए; चार साल में दूसरी बार दोहराई लापरवाही
सूचना पर कार्यवाहक खंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन लाल मौके पर पहुंचे थे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था। वहीं, प्रधानाध्यापक राजीव कुमार ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए ग्रामीणों से माफी मांगी थी। उन्होंने बताया था कि विद्यालय के कार्य से बाहर जाने के दौरान उन्होंने विद्यालय की जिम्मेदारी सहायक शिक्षक उमेश कुमार को सौंपी।
जांच के बाद बीएसए ने की कड़ी कार्रवाई
मंगलवार को बीएसए आशा चौधरी ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापक राजीव कुमार एवं सहायक अध्यापक उमेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी मवाना को जांच अधिकारी नामित किया।
उन्होंने बताया कि निलंबन अवधि के दौरान प्रधानाध्यापक राजीव कुमार को प्राथमिक विद्यालय खरकाली परीक्षितगढ़ तथा सहायक अध्यापक उमेश कुमार को प्राथमिक विद्यालय ढिकैनी परीक्षितगढ़ से संबद्ध किया गया है।इसके अलावा सहायक अध्यापिका अरुणा रानी, अनीता और शालिनी त्यागी के सेवा अभिलेख में परिनिंदा प्रविष्टि दर्ज कर उन्हें भविष्य में ऐसी लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी गई है। वहीं, शिक्षा मित्र बालेश को भी चेताया है।
इन्होंने कहा
यह मामला बेहद गंभीर है। बच्चों के मामले में इस तरह की लापरवाही बिलकुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट पर तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूल के प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। शिक्षिकाओं को भी लापरवाही बरतने पर परिनिंदा प्रविष्टि दर्ज करते हुए चेतावनी दी गई है।
-आशा चौधरी, बीएसए।