Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली-रुड़की हाईवे पर हादसों में तीन कांवड़ियों की मौत, 17 घायल; वाहनाें की गति पर नहीं लग रही लगाम

    By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Sat, 08 Aug 2026 06:53 PM (GMT+05:30)

    Meerut News: मेरठ में दिल्ली-रुड़की हाईवे पर डाक कांवड़ के दौरान 24 घंटे में हुए अलग-अलग हादसों में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई और 17 घायल हो गए। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक फोटो

    प्रतीकात्मक फोटो

    HighLights

    1. तेजगति में बाइक पर सवार होकर हरिद्वार की तरफ जाते समय हुए हादसे

    2. एक कांवड़िये की पहचान नहीं हो सकी, दो बाइक तेजगति से फिसल गई

    संवाद सूत्र, दौराला (मेरठ)। दिल्ली-रुड़की हाईवे पर डाक कांवड़ ने रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार से शनिवार तक 24 घंटे में हाईवे पर अलग अलग हादसों में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 17 कांवड़ियो चोटिल हुए। एक कांवड़िये की पहचान नहीं हो सकी हैं, उसका शव मर्चरी में रखवा दिया, जबकि घायल कांवड़ियों को उपचार दिलाने के बाद भेज दिया गया। हादसे रोकने के लिए दोपहिया वाहनाें की गति धीमी कराने का प्रयास किया जा रहा है।

    दौराला क्षेत्र के वलीदपुर गांव के पास शिवा ढाबे के सामने शुक्रवार देर रात कांवड़ लेने जा रहे बाइक सवार कांवड़िये हरियाणा के फरीदाबाद निवासी 21 वर्षीय साहिल की बाइक को पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में साहिल को सीएचसी दौराला लाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

    पुलिस ने मोबाइल की मदद से उसके चचेरे भाई संदीप को सूचना दी और शव मोर्चरी भिजवा दिया। इसी स्थान शनिवार सुबह दिल्ली के मुर्गा मार्केट निवासी 22 वर्षीय राज की मौत हो गई। राज भी बाइक पर सवार होकर जल लेने के लिए हरिद्वार जा रहा था।

    इसके अलावा तीसरे हादसे में कांवड़िये की बाइक फिसल गई, उसे उपचार के लिए सीएचसी दौराला ले जाया गया, वहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नहीं होने पर शव मर्चरी में रखवा दिया। साथ ही बाइक को भी थाने में खड़ा करा दिया है।

    खबरें और भी

    दौराला स्थित पंडित ढाबे के सामने गाजियाबाद के विजयनगर निवासी कांवड़िया विजय, कनौडा के पास बिहार के गया निवासी संजय भी वाहन की टक्कर से घायल हो गए। सिवाया टोल प्लाजा के पास भगवती कालेज के सामने दिल्ली के शालीमार बाग निवासी पैदल कांवड़िए अमित और अजय को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।

    वहीं, दौराला स्थित जिओ पेट्रोल पंप के सामने दिल्ली के उत्तमनगर निवासी कांवड़िया मनोज को भी वाहन ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। सभी घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया।

    मटौर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से हापुड़ के गिरधरपुर निवासी कांवड़िया आशीष बाना घायल हो गए। दादरी गांव के पास सड़क पार कर रहे दिल्ली के सैनिक विहार निवासी परमजीत को अज्ञात कार ने साइड मार दी।

    वह हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे थे और दादरी में कांवड़ झुलाकर किसी काम से सड़क पार कर रहे थे। दोनों को दौराला सीएचसी में भर्ती कराया गया। कनौडा गांव के सामने दिल्ली के करोलबाग निवासी कांवड़िया किशन को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वहीं, एटूजेड कट के पास दिल्ली के सलारपुर निवासी सगे भाइयों अभिषेक और मुन्नू को वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों को सीएचसी लाया गया, जहां से मुन्नू को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

    वहीं दौराला पुल पर कांवडियां को बचाने को लेकर एक बाइक पर सवार तीन कांवड़ियां राहुल, सोनू, पिंटू निवासी गाजियाबाद घायल हो गए। जिन्हे सीएचसी में उपचार दिलाया। दौराला थाने के सामने गलत दिशा से आ रहे दो कांवड़ियां मनोज जाटव व पुनीत जाटव की सामने से आ रही बाइक से भिड़त हो गई, जिससे वह घायल हो गए।

    उन्हें पास के ही अस्पताल में उपचार दिलाया। दौराला इंस्पेक्टर सुमन कुमार सिंह ने बताया कि हादसों में मृत दो कांवड़ियों की पहचान हो चुकी है। एक मृतक और एक घायल की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। मृतकों के स्वजन को सूचना दे दी गई है।