प्रेमी की जहर खाने से मौत, प्रेमिका के स्वजन ने की थी मारपीट; वीडियो वायरल
मेरठ के खरखौदा में एक युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। प्रेमिका के स्वजन ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
प्रेमी ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी।
प्रेमिका के स्वजनों पर मारपीट का आरोप।
मृत्यु से पहले युवक ने वीडियो बनाया।
संवाद सूत्र, जागरण. खरखौदा (मेरठ)। थाना क्षेत्र के गांव पांची स्थित पहलवान के ढाबे पर काम करने वाले एक युवक को हापुड़ निवासी युवती से प्यार हो गया। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन प्रेमिका के स्वजन ने शादी से इन्कार कर प्रेमी के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। उधर, प्रेमी ने जहरीला पदार्थ निगलकर जान दे दी। मौत से पहले युवक ने अपने बयान में प्रेमिका के स्वजन को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

हापुड़ के गांव बछड़ौता निवासी 27 वर्षीय शाहिद पुत्र वकील पांची स्थित पहलवान ढाबे पर काम करता था। शाहिद ने वीडियो वायरल कर बताया कि उसका प्रेम प्रसंग हापुड़ की एक कालोनी निवासी एक युवती से चल रहा था। दोनों शादी के लिए तैयार थे। आरोप है कि प्रेमिका के स्वजन शादी के लिए तैयार न थे। जब प्रेमिका के स्वजन को दोनों के प्रेम-प्रसंग की जानकारी हुई तो उन्होंने प्रेमी को कॉल कर युवती से बात न करने की हिदायत दी।
आरोप है कि चार दिन पहले प्रेमिका के स्वजन ने शाहिद को बुलाकर उसके साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना से क्षुब्ध होकर उसने सोमवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे गंभीर हालत में एनसीआर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां मरने से पूर्व शाहिद ने प्रेमिका के स्वजन पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए उन्हें मौत का जिम्मेदार ठहराया। सूचना पाकर पुलिस ने एनसीआर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान शाहिद के बयान दर्ज किए थे। मंगलवार रात उपचार के दौरान शाहिद की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर राजपाल सिंह का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, क्षेत्र के गांव अतराड़ा के जंगल में बंद पड़े 20 फीट गहरे कुएं में एक बोरे में सड़ी गली हालत में 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। पुलिस ने बताया कि अतराड़ा के जंगल में गैस एजेंसी के पीछे श्रीनिवास पुत्र छिद्दा का खेत है। कुछ मजदूर मंगलवार सुबह के समय उसकी गेहूं की फसल काटने के लिए पहुंचे थे। आसपास तेज दुर्गंध आने पर मजदूरों ने आसपास खोजबीन की तो पास में ही बंद पड़े करीब 20 फीट गहरे कुएं में एक प्लास्टिक के बोरे के आसपास कीड़े रेंगते दिखे।
मजदूरों ने तुरंत ही इस मामले में ग्रामीणों को सूचना दी। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरे को बाहर निकाला तो उसमें करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का सड़ी गली हालत में शव मिला। बाद में फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई तथा घटनाक्रम की जांच की। पुलिस के अनुसार शव करीब 10 से 12 दिन पुराना लग रहा है। मृतक ने लाल रंग की टीशर्ट व ग्रे रंग का लोवर पहना हुआ था । शव का चेहरा पूरी तरह से गलने के कारण बे पहचान हो चुका है। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर पहचान करने का काफी प्रयास किया लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
