जन्माष्टमी पर राधा बनी मुस्कान की बेटी मन्नत, जेल में गूंजे कान्हा के भजन; 450 बंदियों ने रखा उपवास
Meerut News: मेरठ जिला जेल में जन्माष्टमी पर मुस्कान की 10 माह की बेटी मन्नत को राधा के रूप में ...और पढ़ें

मुस्कान। जागरण आर्काइव
HighLights
मेरठ जेल में मुस्कान की बेटी मन्नत बनी राधा।
जन्माष्टमी पर 450 बंदियों ने रखा उपवास।
जेल में भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण हुआ।
जागरण संवाददाता, मेरठ। जिला जेल में जन्माष्टमी का मौका पर इस बार महिला बंदियों के लिए खास रहा। जेल में रह रही मुस्कान की 10 माह की बेटी मन्नत की यह पहली जन्माष्टमी रही। मन्नत को राधारानी के रूप में सजाया गया था। जेल में रह रही महिला बंदियों में इसे लेकर खास उत्साह था। छोटी होने के कारण मन्नत सभी की लाडली है और महिला बंदियां उसका विशेष ख्याल रखती हैं।
जन्म के बाद रखा गया था राधा नाम
मुस्कान ने 23 नवंबर 2025 को अपने पति सौरभ राजपूत के जन्मदिन के दिन बेटी को जन्म दिया था। प्रसव के लिए उसे जेल से अस्पताल ले जाया गया था, जहां बच्ची का जन्म हुआ। जन्म के बाद बच्ची को मां के साथ ही जेल में रखा गया। शुरुआत में उसका नाम राधा रखा गया था और जेल में सभी उसे राधा नाम से पुकारते थे। करीब एक महीने बाद मुस्कान ने उसका नाम बदलकर मन्नत रख दिया। अब सरकारी और पारिवारिक तौर पर उसका नाम मन्नत ही है। जन्माष्टमी पर इसी मन्नत को राधारानी के स्वरूप में सजाया जाएगा।
चार महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चे
जिला जेल में इस समय चार महिला बंदियों के साथ उनके बच्चे रह रहे हैं। इनमें एक बेटा और तीन बेटियां हैं। मन्नत इन सभी बच्चों में सबसे छोटी है। इसी वजह से वह महिला बंदियों के बीच विशेष दुलारी बनी हुई है। पहली जन्माष्टमी पर उसे राधा के रूप में देखने को लेकर महिला बंदियों में उत्साह है।
450 बंदियों ने रखा व्रत
जिला जेल में वर्तमान में 1897 बंदी निरुद्ध हैं। इनमें करीब 450 बंदियों ने जन्माष्टमी का व्रत रखा है। व्रत रखने वाले बंदियों के लिए फलाहार, दूध और मिठाई की व्यवस्था की गई है। रात में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद पंजीरी, चीनी और चरणामृत का प्रसाद वितरित किया जाएगा। जेल के महिला और पुरुष बैरक में भजन-कीर्तन समेत अन्य धार्मिक कार्यक्रम होंगे।
सौरभ हत्याकांड में जेल में बंद है मुस्कान
मुस्कान मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में आरोपित है और जिला जेल में बंद है। मामले में उसके साथ साहिल भी जेल में निरुद्ध है। पुलिस के अनुसार, दोनों पर सौरभ राजपूत की हत्या में शामिल होने का आरोप है। 17 मार्च 2025 को मामले का पर्दाफाश हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मुस्कान और साहिल को गिरफ्तार किया था। मामले की विवेचना के बाद अब प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है।
