विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में पुलिस हिरासत में लिए युवक ने पी लिया टॉयलेट क्लीनर, हालत गंभीर

By Pramod Tyagi Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 08 Sep 2026 05:10 PM (IST)

Meerut News: मेरठ में बाइक चोरी के आरोप में हिरासत में लिए गए एक युवक ने पुलिस चौकी के शौचालय ...और पढ़ें

उपचार के दौरान मिथुन।

उपचार के दौरान मिथुन।

HighLights

  1. खरखौदा थाना क्षेत्र की धीरखेड़ा पुलिस चौकी का मामला।

  2. बाइक चोरी के आरोप में लिया गया था हिरासत में।

संवाद सूत्र, खरखौदा (मेरठ)। खरखौदा थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के मामले में पुलिस हिरासत में लिए गए युवक ने धीरखेड़ा पुलिस चौकी में शौचालय में रखा टॉयलेट क्लीनर पी लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मी उसे पास के एनसीआर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने युवक को मेरठ के जगदंबा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे 72 घंटे की निगरानी में गहन चिकित्सा केंद्र में रखा है।

पुलिस ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले नयागांव निवासी राजीव की बाइक गांव से चोरी हो गई थी। राजीव की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही पुलिस ने अन्य सुराग जुटाए। जांच के दौरान पता चला कि गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव ईसापुर निवासी दो युवकों ने गांव की एक दुकान से कुछ सामान खरीदा था और उसका भुगतान ऑनलाइन किया था।

पुलिस ने ऑनलाइन भुगतान के आधार पर युवकों तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ाई और ईसापुर पहुंचकर दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। पूछताछ के दौरान गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव निवासी मिथुन का नाम भी सामने आया।

पुलिस के मुताबिक चोरी की बाइक दोनों युवकों ने मिथुन को बेची थी। आरोप है कि मिथुन ने बाइक को काट दिया था। पुलिस ने सोमवार को ईसापुर निवासी दोनों युवकों के साथ विपिन को भी हिरासत में ले लिया। तीनों को धीरखेड़ा पुलिस चौकी पर लाकर पूछताछ की जा रही थी।

मंगलवार सुबह करीब चार बजे मिथुन ने शौचालय जाने की इच्छा जताई। इस पर एक पुलिसकर्मी उसे शौचालय ले गया। आरोप है कि शौचालय में पहुंचने के बाद मिथुन ने वहां रखा टॉयलेट क्लीनर पी लिया।

पीते ही उसकी हालत बिगड़ने लगी। यह देखकर पुलिसकर्मी ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी और मिथुन को पास स्थित एनसीआर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उसे मेरठ रेफर कर दिया गया।

इसके बाद पुलिस ने मिथुन को मेरठ के जगदंबा अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार आरोपी की हालत गंभीर बनी हुई है, पुलिस की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

तालाब से बाइक के कटे हुए हिस्से बरामद करने में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि बाइक चोरी की घटना में तीनों आरोपितो की भूमिका सामने आई है। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस नूरपुर स्थित एक तालाब से मिथुनद्वारा काटी गई बाइक के पुर्जे और अन्य सामान बरामद करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस मामले में आरोपितो से पूछताछ के साथ ही चोरी की बाइक के हिस्सों को बरामद करने में जुटी है। फिलहाल पूरे मामले में सबसे अहम पहलू पुलिस हिरासत के दौरान आरोपी द्वारा शौचालय में हार्पिक पीने का है।