मेरठ में दौराला से मवाना रोड को जोड़ने वाला बाईपास लगभग तैयार, टोल प्लाजा शुरू करने को मांगी अनुमति
मेरठ में दौराला से मवाना रोड तक निर्माणाधीन चार लेन का बाईपास लगभग तैयार है और वाहन बिना उद्घाटन के ही इस पर चलने लगे हैं। ...और पढ़ें

दौराला से मवाना रोड बनाए गए बाईपास पर दौड़ते वाहन। जागरण
HighLights
उद्घाटन के बिना ही बाईपास से फर्राटा भरने लगे हैं वाहन।
फरवरी 2025 में इसका कार्य पूर्ण करने का रखा गया था लक्ष्य्र।
प्रदीप द्विवेदी, मेरठ। रुड़की हाईवे (पुराना एनएच 58) पर दौराला से नजीबाबाद हाईवे (एनएच 119) पर बहचौला तक निर्माणाधीन चार लेन का कनेक्टर (बाईपास) लगभग तैयार हो गया है। उद्घाटन के बिना ही हल्के और भारी वाहन इस पर दौड़ने लगे हैं। कुछ कार्य अभी बाकी हैं, जिसके कारण इसे आधिकारिक रूप से नहीं खोला जा सका है।
कामकाज चलने के कारण बाईपास को बीच-बीच में कई स्थानों पर बैरियर रखकर बंद किया गया है, जिससे एक ही हिस्से पर दोनों दिशा के वाहन दौड़ रहे हैं। उम्मीद है कि एक-दो महीने दोनों तरफ की लेन का लाभ मिलने लगेगा। टोल वसूली शुरू करने के लिए मुख्यालय से अनुमति मांगी गई है। वैसे इसे फरवरी 2025 में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया था।

दौराला से मवाना रोड बनाए गए बाईपास पर डिवाइडर के बीच हाईटेंशन लाइन के टावर को अभी सुरक्षित नहीं किया जा सका है। जागरण
डिवाइडर के बीच में ट्रांसमिशन टावर अभी सुरक्षित नहीं
चार लेन के बाईपास के बीच में ट्रांसमिशन लाइन का टावर भी है। इसे डिवाइडर के बीच में कर दिया गया है। टावर के चारों तरफ कंक्रीट के टुकड़े रखे जा रहे हैं ताकि वाहन टावर से न टकराएं। हालांकि अभी इसे पूरी तरह से सुरक्षित नहीं किया जा सका है, इसलिए यदि कोई इस पर वाहन लेकर जाता है तो यहां पर गति सीमा कम करनी चाहिए।

दौराला से मवाना रोड को जोड़ने वाले बाईपास के लिए दौराला में निर्माणाधीन इंटरचेंट का रैंप। जागरण
यह है काम की वर्तमान स्थिति
- मवाना रोड से दौराला के बीच डामर कार्य पूर्ण हो चुका है। दोनों तरफ क्रैश बरियर और डिवाइडर आदि तैयार हैं।
- रुड़की हाईवे पर दौराला नगर पंचायत कार्यालय के गेट के सामने इसका इंटरचेंज निर्माणाधीन है।
- मवाना रोड पर बहचौला अंडरपास के नजदीक रैंप को जोड़ दिया गया है। हालांकि एक तरफ का रैंप बंद है।
- डिवाइडर के बीच में पौधारोपण कार्य जारी है।
- दिशासूचक, दूरी व गति सीमा आदि के बोर्ड लगाए जा चुके हैं।
- टोल प्लाजा लगभग तैयार है।
आधिकारिक रूप से जल्द उद्घाटन पर है संशय
यह बाईपास एनएच 709-ए का हिस्सा है। यह परियोजना मवाना रोड, हापुड़ रोड व गढ़रोड से जोड़ने के लिए है। वर्तमान में सिर्फ दौराला से मवाना रोड तक ही बाईपास बन सका है। मवाना रोड से गढ़राेड व हापुड़ रोड तक जोड़ने वाला हिस्सा तैयार नहीं है।
प्रकरण हाईकोर्ट में विचाराधीन होने के कारण उस हिस्से पर काम रुका हुआ है। इसे देखते हुए यह संशय बना हुआ है कि इस परियोजना के आधे हिस्से का ही उद्धाटन होगा या फिर पूरी परियोजना का एक साथ उद्घाटन होगा। फिलहाल यह माना जा रहा है कि दौराला से मवाना तक बिना उद्घाटन के ही वाहनों को आने-जाने दिया जाएगा।
खबरें और भी
परियोजना से संबंधित विवरण
एनएचएआइ की परियोजना : भारतमाला के अंतर्गत विभिन्न हाईवे को जोड़ने के लिए कनेक्टर निर्माण
मेरठ- रुड़की हाईवे (पुराना एनएच 58) से मवाना रोड (एनएच 119) तक कनेक्टर : 13.50 किमी
कार्य शुरू करने की तिथि : फरवरी 2023
कार्यदायी कंपनी : देव यश इंफ्रास्ट्रक्चर
-13.50 किमी लंबा है एनएच 709-ए का कनेक्टर यानी बाईपास
-4 लेन का यह बाईपास का अधिकांश कार्य पूर्ण
-2025 फरवरी में पूर्ण करने का रखा गया था लक्ष्य
इन्होंने कहा...
कार्य पूर्ण हो गया है। दौराला में इंटरचेंज का कार्य चल रहा है क्योंकि वन विभाग की एनओसी के कारण देरी हुई। टोल शुल्क वसूली के लिए मुख्यालय से अनुमति के लिए पत्र लिखा गया है।
-राजकुमार नाहरवाल, परियोजना निदेशक, एनएचएआइ मेरठ क्षेत्र।