2 सितंबर को मेरठ में 'लॉकडाउन' की तैयारी, शास्त्रीनगर सेटबैक विवाद पर आर-पार के मूड में व्यापारी, MEDA के सर्वे से दहशत
Meerut News: शास्त्रीनगर में सेटबैक कार्रवाई के विरोध में 2 सितंबर को मेरठ बंद का आह्वान किया गया है। संयुक्त ...और पढ़ें

गढ़ रोड पर राजा रानी मंडप में मेरठ बंद को लेकर बैठक करते व्यापारी। जागरण
HighLights
शास्त्रीनगर सेटबैक कार्रवाई के विरोध में 2 सितंबर को मेरठ बंद का आह्वान।
संयुक्त मेरठ बचाओ समिति ने व्यापारियों, किसानों और स्कूलों से समर्थन मांगा।
75 स्कूलों के संचालकों ने दो सितंबर को स्कूल बंद करने का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। शास्त्रीनगर में सेटबैक कार्रवाई के विरोध में संयुक्त मेरठ बचाओ आंदोलन समिति का बाजारों में व्यापारियों को लामबंद करने का अभियान मंगलवार को भी चला। समिति के अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर, भाकियू (धन सिंह कोतवाल) के अध्यक्ष नितेश पंवार ने शास्त्रीनगर में संयुक्त व्यापार संघ के महामंत्री संजय जैन के कार्यालय में अध्यक्ष नवीन गुप्ता और अन्य पदाधिकारियों के साथ बातचीत की।
संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि शास्त्रीनगर, जागृति विहार, माधवपुरम के व्यापारियों के समर्थन में पूरे मेरठ में दो सितंबर को बंद का आह्वान किया गया है। संगठन की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है। संगठन से 690 व्यापार संघ जुड़े हैं। 55-60 हजार व्यापारियों से दो सितंबर को दुकानें बंद रखने और प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है।
नवीन गुप्ता ने कहा कि मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा कई बाजारों का सर्वे किए जाने से व्यापारियों में दहशत है। सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी से अपील की कि एक साथ मिलकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से समस्या का हल निकालने की मांग की जाए। महामंत्री संजय जैन, सुनील रिठानी, राजवीर सिंह, अमित बंसल मौजूद रहे। समिति के पदाधिकारी हापुड़ रोड, आरटीओ रोड, सूरजकुंड स्पोर्ट्स मार्केट, भगत सिंह मार्केट भी पहुंचे और बंद के लिए समर्थन मांगा।
नितेश पंवार ने कहा किसान और व्यापारियों की रोजी रोटी पर आंच आई तो विरोध किया जाएगा। गढ़ रोड राजा रानी मंडप में मेरठ मंडप एसोसिएशन के विपुल सिंघल के साथ समिति के सदस्यों की वार्ता हुई। स्कूल लीडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कंवलजीत ने कहा कि 75 स्कूलों के संचालकों ने दो सितंबर को स्कूल बंद करने का आश्वासन दिया है।
महिलाओं ने मार्च निकाला
शाम को महिलाओं ने आंदोलन समिति की टीम के साथ शास्त्रीनगर सेक्टर दो में मार्च निकालकर लोगों से आदोलन से जुड़ने की अपील की। राधा गुप्ता, शालू शर्मा, शीतल पुजानी, सुदीप जैन, अर्पित मोगा, अंजनेय सिंह, राहुल मलिक मौजूद रहे।
यहां होगा जनसंपर्क
संयुक्त मेरठ बचाओ आंदोलन समिति द्वारा बुधवार को कमिश्नरी, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में छात्र संघ पदाधिकारियों, बेगमपुल में जनसंपर्क करेंगे। मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा ने भी दो सितंबर को मेरठ बंद को समर्थन देने की घोषणा की है।
