विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में 67 करोड़ की लागत से बनेंगे  39 नाले और दो पंपिंग स्टेशन, इसी महीने शुरू होगा काम

Published: Tue, 08 Sep 2026 08:00 AM (IST)

मेरठ में जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए 67 करोड़ रुपये की लागत से 39 नाले और दो पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, मेरठ। जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में लगभग 67 करोड़ रुपये से 39 नाले और दो पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। 30 सितंबर तक 15वें वित्त और अवस्थापना निधि के काम शुरू करने का लक्ष्य है। बैठक में मुख्य अभियंता प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि सभी कार्यों के प्रस्तावों का पीडब्ल्यूडी से मूल्यांकन कराया है।

नगर आयुक्त ने कहा कि अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर के तीन महीने तेजी से काम करने को मिलेंगे। 23 जुलाई को महापौर हरिकांत अहलूवालिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में 15वें वित्त आयोग समिति और अवस्थापना निधि के 191 करोड़ के विकास कार्यों के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई थी। बड़े नालों, रिटेनिंग वाल और पुलिया का निर्माण प्री-कास्ट तकनीक से होगा।

इन क्षेत्रों में बनेंगे नाले

स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, दिल्ली रोड, पिलोखड़ी, जयभीम नगर, सैनिक विहार, गंगानगर, सुभाष नगर, सोतीगंज स्कूटर मार्केट, मोहनपुरी, खैरनगर, बाउंड्री रोड, नौचंदी, परतापुर, अहमद नगर, गंगानगर, सोतीगंज, यूनिवर्सिटी रोड, मंगलपांडे नगर, फतेहउल्लापुर, हापुड़ रोड, जयभीम नगर, सरस्वती विहार, खुशहाल नगर कालोनी।

ये प्रमुख आरसीसी नाले बनेंगे

  • दिल्ली रोड पर प्री-कास्ट तकनीक से फुटबाल चौक से ब्रह्मपुरी पुलिया तक नाला।
  • गगोल रोड पर हनुमान मंदिर से शिव मंदिर तक और इटायरा रोड पर दायीं ओर नाला।
  • स्पोर्ट्स कांप्लेक्स रोड पर जगवीर की चक्की से दिल्ली रोड तक सड़क के दोनों ओर नाला
  • दिल्ली रोड पर ईदगाह के पास प्री-कास्ट आरसीसी बाक्स कल्वर्ट का निर्माण
  • प्री-कास्ट तकनीक से रंगोली मंडप रोड का पुल का चौड़ीकरण कार्य।
  • लोकप्रिय अस्पताल के पास प्री-कास्ट तकनीक से छोटा पुल ।
  • पल्लवपुरम फेज-2 में जय दुर्गा किराना स्टोर से नया थाना भवन तक नाला।
  • कंकरखेड़ा मार्शल पिच से लाला मोहम्मदपुर पुलिया तक नाला।

डिफेंस कालोनी और गंगा कालोनी में लगेंगे पंपिंग स्टेशन

बरसात में जलभराव की समस्या से घिरने वाली मवाना रोड स्थित डिफेंस कालोनी और बागपत रोड स्थित गंगा कालोनी में एक-एक संपवेल पंपिंग स्टेशन बनाया जाएगा। दोनों के लिए एक-एक करोड़ रुपये की स्वीकृति है।

50 हजार लीटर क्षमता का टैंक बनाकर 40 हार्स पावर या अधिक क्षमता की मोटर लगाई जाएगी। कालोनी की जलनिकासी को उसमें जोड़ा जाएगा। टैंक के जरिए वर्षा जलनिकासी विद्युत पंपों से की जाएगी।

नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता को निर्देश दिया कि इन कालोनियों में स्थान चयन का सर्वे कार्य इसी महीने कर लिया जाए। स्थान तय कर लेवल प्लान और पंपिंग स्टेशन का डिजाइन बना लिया जाए। एक अक्टूबर तक टेंडर निकाला जाएगा। दोनों कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य निगम मार्च-2027 तक लेकर चलेगा, ताकि मानसून से पहले काम पूरा हो जाए।