Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मेरठ में LPG सिलिंडर न मिलने से परेशान टीचर सल्फास की गोली लेकर एजेंसी पहुंचा और...

    By Shubham Gupta Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Tue, 28 Apr 2026 07:27 PM (IST)

    Meerut News : सरधना में एलपीजी सिलेंडर न मिलने से परेशान एक शिक्षक सल्फास की गोली लेकर भारत गैस एजेंसी पहुंच गए और हंगामा करने लगे। ...और पढ़ें

    सरधना में भारत गैस एजेंसी पर हंगामे के दौरान हाथ में सल्फास की गोली का पैकेट लिए हुए शिक्षक। जागरण

    सरधना में भारत गैस एजेंसी पर हंगामे के दौरान हाथ में सल्फास की गोली का पैकेट लिए हुए शिक्षक। जागरण

    HighLights

    1. सरधना कस्बे में कालंद चुंगी पर है सरधना भारत गैस एजेंसी

    2. हंगामे के बाद एजेंसी ने शिक्षक के घर सिलिंडर पहुंचाया।

    जागरण संवाददाता, सरधना (मेरठ)। सरधना कस्बे में कालंद चुंगी पर स्थित सरधना भारत गैस एजेंसी पर सिलिंडर ना मिलने पर परेशान शिक्षक मंगलवार को सल्फास की गोली का पैकेट लेकर पहुंचे। जहां उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। 

    जिसके बाद पीड़ित ने गैस एजेंसी पर सरकार को बदनाम करने का आरोप लगाया। वहीं एजेंसी मालिक ने दावा किया कि उनके यहां पर सिलिंडर भिजवा दिया है।

    महादेव निवासी कृष्ण स्वरूप त्यागी दशरथपुर में स्थित कंपोजिट विद्यालय में शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि उनका गैस का कनेक्शन कालंद चुंगी स्थित सरधना भारत गैस एजेंसी पर है। बीते चार अप्रैल को सिलेंडर बुक करवाया था। इसके बाद 13 को सिलेंडर डिलीवरी का उनके मोबाइल पर मैसेज आया। जब एजेंसी पर जाकर सिलिंडर के बारे में जानकारी की।

    इस पर कर्मचारियों ने सिलिंडर घर भिजवाने की बात कहकर उन्हें चलता कर दिया। तभी से ही कृष्ण स्वरूप त्यागी गैस एजेंसी के चक्कर काट रहे थे। इसी बात से परेशान होकर मंगलवार को वह सरधना भारत गैस एजेंसी पर सल्फास की गोली का पैकेट लेकर पहुंचे। जहां उन्होंने सिलिंडर ना मिलने की बात कहकर हंगामा शुरू कर दिया।

    मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार वह सल्फास की गोली का पैकेट फाड़कर निगलने की बात कहने लगे तो कर्मचारियों ने उनसे पैकेट छिनने का प्रयास करते हुए जल्द ही सिलिंडर भिजवाने की बात कही। लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे। जिसके चलते अफरा-तफरी का माहौल भी हो गया।

    शिक्षक ने एजेंसी पर पहुंचने से पहले मीडिया से लगाई न्याय की गुहार

    शिक्षक ने एजेंसी पर पहुंचने से पहले अपने व्यथा बताकर मीडियाकर्मियों से न्याय की गुहार लगाई। बताया कि उनके घर पर कई दिन से अंगीठी पर खाना बन रहा है। जबकि उनकी पत्नी सुमन त्यागी की तबियत लंबे समय से खराब है। 

    खबरें और भी

    हंगामा हुआ तो एजेंसी मालिक ने सिलिंडर पहुंचवाया घर, प्रशासन भी नहीं दे रहा ध्यान

    हंगामा होने के बाद एजेंसी कर्मचारी भी सतर्क हो गए। तभी एजेंसी मालिक अनस ने कर्मचारियों को निर्देश देकर शिक्षक के घर सिलिंडर भिजवा दिया। वहीं स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी गैस एजेंसी संचालकों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे पहले भी उक्त गैस एजेंसी पर सरधना-बिनौली रोड निवासी एक व्यक्ति ने सिलेंडर ना मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी दी थी। उस दौरान एसडीएम ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। लेकिन साठगांठ के चलते मामला ठंडे बस्ते में चला गया था। ऐसे में अगर कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन बड़ी घटना हो जाएगी।

    घर पर कोई नहीं मिला: गैस एजेंसी मालिक

    सरधना भारत गैस एजेंसी के मालिक अनस का कहना है कि डिलीवरी मैन कई बार गांव में गया, लेकिन टीचर के घर पर कोई नहीं मिला। जिसके वजह से सिलिंडर वापस आ गया। गैस बुक होने के बाद जिस दिन डिलीवरी मैन सिलिंडर देने उपभोक्ताओं के यहां जाता है। उसी दिन उपभोक्ता के मोबाइल पर सिलिंडर डिलीवरी के मैसेज के साथ ओटीपी आता है। उनके घर ओटीपी लेकर सिलिंडरर पहुंचा दिया गया है। 

    इन्होंने कहा

    गैस एजेंसी की गहनता से जांच करवाई जाएगी। आखिरकार बुक होने के बाद सिलिंडर उपभोक्ता के घर क्यों नहीं पहुंच रहे हैं। दोषी पाए जाने पर सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी।
    उदित नारायण सेंगर, एसडीएम, सरधना।