विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा के दौरान Ganga Expressway और Delhi-Dehradun Greenfield Highway पर चलेंगे वाहन

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 01 Jul 2026 01:09 PM (IST)

Kanwar Yatra 2026: श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस-प्रशासन ने दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे और गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहनों के संचालन का निर्णय लिया है।

कांवड़ यात्रा का फाइल फोटो।

कांवड़ यात्रा का फाइल फोटो।

HighLights

  1. कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ में एडीजी यातायात ए. सतीश गणेश ने अधिकारियों के साथ की इंतजामों पर चर्चा।

  2. सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत के साथ उत्तराखंड एवं दिल्ली के अफसरों से भी समन्वय बनाने के निर्देश

जागरण संवाददाता, मेरठ। Kanwar Yatra 2026: श्रावण मास भले ही 30 जुलाई से शुरू हो रहा हैं, लेकिन पुलिस-प्रशासन का मानना है कि 21 जुलाई से ही कांवड़िये सड़कों पर आ जाएंगे। ऐसे में सभी इंतजाम 21 जुलाई से पहले पूरे करने होंगे।

कांवड़ियों के साथ-साथ आमजन को भी असुविधा न हो, इसके लिए एडीजी (यातायात) ए. सतीश गणेश ने एडीजी मेरठ जोन आफिस में मेरठ और सहारनपुर रेंज के अधिकारियों के साथ बैठक की।
इसके बाद एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने मेरठ और बरेली जोन के अधिकारियों से कांवड़ यात्रा व्यवस्था की जानकारी ली।

दोनों बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे (इकोनामिक कारिडोर) और गंगा एक्सप्रेसवे से वाहनों का संचालन होगा। दोनों सड़कों पर वाहनों को कहां से चढ़ाया-उतारा जाएगा, इसके लिए शीर्ष अधिकारियों को भ्रमण कर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए।

एडीजी भानु भास्कर, डीआइजी कलानिधि नैथानी, डीआइजी अभिषेक सिंह, एसपी सिटी विनायक भोसले, एसपी ट्रैफिक राजेश श्रीवास्तव, एसपी देहात अभिजीत कुमार और एसपी क्राइम अवनीश कुमार भी बैठक में रहे।

मेरठ और सहारनपुर रेंज के डीएम-एसएसपी को आनलाइन जोड़ा गया। एडीजी यातायात ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से सड़क के गड्ढे दुरुस्त कराने को कहा।
कहा कि दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे और गंगा एक्सप्रेसवे पर कांवड़ के समय वाहनों का संचालन कराया जाए, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान कोई शहर एक दूसरे से कटा हुआ महसूस न करे।

अफसरों को अपने क्षेत्र में दोनों सड़कों का भ्रमण कर रूट प्लान जारी करने के निर्देश दिए। डीआइजी मेरठ और सहारनपुर से उनके कांवड़ यात्रा प्लान की जानकारी ली। इससे पहले एडीजी ए. सतीश गणेश ने छठीं वाहिनी पीएसी पहुंचकर ट्रैफिक पुलिस ट्रेनिंग की जानकारी ली। इसके बाद वह लखनऊ रवाना हो गए।

दोपहर ढाई बजे एडीजी (कानून व्यवस्था) अमिताभ यश की आनलाइन बैठक शुरू हुई। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे पर मुरादाबाद और सहारनपुर जनपदों को मिलकर ट्रैफिक प्लान बनाने के आदेश दिए।
दिल्ली-दून ग्रीनफील्ड हाईवे पर सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ और बागपत के अलावा उत्तराखंड एवं दिल्ली के अफसरों से भी समन्वय बनाने को कहा गया, ताकि सभी जनपदों से दिल्ली जाने वाले वाहनों पर कोई फर्क न पड़े।

यह भी पढ़ें- Kanwar Yatra: 10 फीट ऊंचाई व 12 फीट चौड़ाई से अधिक का म्यूजिक सिस्टम बनाने पर होगा मुकदमा, मेरठ में संचालकों को नोटिस जारी

पार्किंग और होल्ड एरिया भी सड़क पर बनाने के निर्देश दिए। पूरी कांवड़ यात्रा को सीसीटीवी से कनेक्ट करने के बारे में भी बताया गया। सोशल मीडिया पर विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि कोई आपत्तिजनक वीडियो बनाकर इसका दुष्प्रयोग न करे।
सड़कों पर कांवड़ियों के लिए लाइट और पानी की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। म्यूजिक सिस्टम और कांवड़ शिविर आदि के नियम-कानूनों को लेकर भी चर्चा की गई।