JEE Advanced Result: कठिनाइयों का सामना कर आत्मविश्वास से आगे बढ़ते हुए हर्षित बने जेईई एडवांस्ड में मेरठ के टॉपर
JEE Advanced Result 2026: मेरठ के हर्षित गोयल ने जेईई एडवांस्ड में जिले में टॉप किया है। उनका लक्ष्य आईआईटी दिल्ली से एआई में बीटेक करना है। ...और पढ़ें

स्वजन और शिक्षक के साथ हर्षित गोयल
HighLights
आईआईटी दिल्ली से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में बीटेक करने का लक्ष्य।
सफलता का श्रेय माता-पिता के निरंतर प्रोत्साहन और मार्गदर्शन को दिया।
जागरण संवाददाता मेरठ। जेईई एडवांस्ड परीक्षा में मेरठ के छात्र हर्षित गोयल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। जेईई मेन में 99.91 परसेंटाइल हासिल करने वाले हर्षित को जेईई एडवांस में आल इंडिया 393वीं रैंक मिली है।
मिलेनियम पब्लिक स्कूल के छात्र हर्षित गोयल ने 12वीं कक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। उन्होंने आकाश इनविक्टस जेईई की तैयारी की। उनके पिता सोमिल कुमार भारतीय सेना की सीडीए आर्मी दिल्ली शाखा में तैनात हैं, जबकि माता अंशु गोयल गृहिणी हैं। परिवार मूल रूप से गंगानगर क्षेत्र के गंगासागर से जुड़ा है।
अपनी सफलता पर हर्षित ने कहा कि उनका परिणाम उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप रहा है। उनका लक्ष्य आईआईटी दिल्ली में प्रवेश लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में बीटेक करना है। इसके बाद वह कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं।
हर्षित ने बताया कि उन्होंने अपनी तैयारी मुख्य रूप से कोचिंग के माध्यम से की। वह सुबह से कोचिंग में अध्ययन करते थे, शाम को कुछ समय आराम करते और रात में नियमित रूप से पढ़ाई करते थे। परीक्षा की तैयारी के दौरान वह प्रतिदिन रात दो से तीन बजे तक स्वाध्याय भी करते थे। मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाए रखने के लिए उन्होंने बैडमिंटन को अपनी प्रमुख गतिविधि बनाया।
खबरें और भी
उन्होंने बताया कि तैयारी के शुरुआती दौर में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन दोस्तों के अच्छे प्रदर्शन को देखकर उन्हें प्रेरणा मिली। सहपाठियों से चर्चा और अनुभव साझा करने से भी उनका आत्मविश्वास बढ़ा। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के निरंतर प्रोत्साहन और मार्गदर्शन को दिया।
हर्षित की रुचि गणित में बचपन से रही है। उन्होंने 10वीं कक्षा के दौरान गणित ओलंपियाड और आईओक्यूएम (इंडियन ओलंपियाड क्वालिफाइंग मैथमेटिक्स) परीक्षा उत्तीर्ण की, जिसके बाद विषय में उनकी रुचि और बढ़ गई। इसी प्रेरणा से उन्होंने 11वीं कक्षा में भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित (पीसीएम) विषयों का चयन किया और धीरे-धीरे इन विषयों में गहरी पकड़ बनाई।
पढ़ाई के अलावा हर्षित दर्शनशास्त्र और वित्त विषयों में भी रुचि रखते हैं। वर्तमान में वह ‘एटॉमिक हैबिट्स’ पुस्तक पढ़ रहे हैं। उनका मानना है कि यह पुस्तक अच्छी आदतों को जीवन में अपनाने और निरंतर सुधार की दिशा में प्रेरित करती है।
जेईई की तैयारी के दौरान उन्होंने किसी एक विषय पर अधिक निर्भर रहने के बजाय तीनों विषयों भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित का संतुलित अध्ययन किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भौतिकी अपेक्षाकृत कठिन रही, हालांकि कुल मिलाकर पूरा प्रश्नपत्र चुनौतीपूर्ण था। संतुलित तैयारी के कारण उन्हें इसका लाभ मिला।