होली की थाली न हो मिलावट वाली! यूं करें असली-नकली की जांच ताकि आप रहें चुस्त-दुरुस्त
होली के दौरान मिठाइयों और मसालों की बढ़ती मांग के साथ मिलावट का खतरा बढ़ जाता है। मेरठ में खाद्य सुरक्षा विभाग और विशेषज्ञों ने मावा, तेल व मसालों में ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
होली पर मिठाइयों, तेल, मसालों में मिलावट का खतरा।
मावा, सरसों तेल, हल्दी, मिर्च की शुद्धता जांचें।
उपभोक्ता सतर्कता से बचें मिलावटी खाद्य पदार्थों से।
जागरण संवाददाता, मेरठ। होली नजदीक आते ही बाजारों में मिठाइयों, मावा, तेल और मसालों की मांग अचानक बढ़ जाती है। इसी भीड़ और जल्दबाजी का फायदा उठाकर कुछ लोग मुनाफा कमाने के लिए मिलावट शुरू कर देते हैं। रंगों के इस पर्व पर जहां घर-घर गुझिया, नमकीन और पकवान बनते हैं, वहीं मिलावटी सामान सेहत के लिए खतरा बन सकता है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग भी समय-समय पर जांच करता है, लेकिन उपभोक्ताओं की सतर्कता सबसे जरूरी है। जरा सी लापरवाही पेट दर्द, फूड प्वाइजनिंग और गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है। ऐसे में जरूरी है कि खरीदारी करते समय मसालों, मावा और तेल की असली-नकली पहचान की जानकारी होनी चाहिए। किस खाद्य पदार्थ की कैसे करें असली-नकली की पहचान। बता रहे हैं रघुनाथ गर्ल्स पीजी कालेज की फूड साइंस एंड क्वालिटी कंट्रोल लैब की इंचार्ज प्रोफेसर डा. दीक्षा और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा। पेश है एक रिपोर्ट...।
मावा (खोया) की ऐसे करें पहचान
- असली मावा दबाने पर मुलायम और दानेदार होगा। नकली नहीं होता है।
- हाथ पर रगड़ने से चिकनाहट महसूस होगी। नकली में कोई चिकनाहट नहीं होती।
- आयोडीन की एक बूंद डालने पर नीला रंग आए तो स्टार्च की मिलावट है।
सरसों के तेल की ऐसे करें पहचान
- असली सरसों तेल की तेज और प्राकृतिक खुशबू होती है। मिलावटी की नहीं।
- हथेली पर रगड़ने से तीखी गंध महसूस होगा। मिलावटी में कोई रगड़ने पर गंध नहीं होती है।
- फ्रिज में रखने से मिलावट होने पर हल्का जमाव आ सकता है। परतें अलग-अलग दिखती है तो मिलावटी है।
- अत्यधिक हल्का रंग या गंध न होना मिलावट का संकेत होता है।
खबरें और भी
सोयाबीन तेल की ऐसे करें पहचान
- रंग हल्का सुनहरा और साफ है तो कोई मिलावट नहीं है।
- बहुत ज्यादा चिपचिपापन या बदबू मिलावट होने का संकेत है।
- फ्रिज में रखने पर यदि अलग-अलग परतें दिखें तो मिलावट है।
मूंगफली का तेल
- हल्की मूंगफली जैसी खुशबू असली तेल में आती है।
- असली तेल में स्वाद में हल्की मिठास और प्राकृतिक स्वाद होगा।
- फ्रिज में रखने पर शुद्ध तेल जम रहा है तो असली है, वरना मिलावट है।
- बिल्कुल बिना खुशबू या बहुत तीखी गंध मिलावट का संकेत है।
नारियल तेल की ऐसे करें पहचान
- 20 से 25 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान पर शुद्ध नारियल तेल पूरी तरह जम जाता है। मिलावटी नहीं जमता।
- जमने पर रंग सफेद हो जाता है। मिलावट वाले का रंग थोड़ा पीला पड़ जाता है।
- यदि जमने पर परतें अलग दिखें तो मिलावट हो सकती है।
हल्दी पाउडर की ऐसे करें पहचान
- असली हल्दी का रंग हल्का पीला और खुशबू प्राकृतिक होती है। मिलावट में यह नहीं होता है।
- असली हल्दी को पानी में डालने पर रंग धीरे-धीरे घुलेगा। एकदम घुला तो समझे मिलावटी है।
लाल मिर्च पाउडर की ऐसे करें पहचान
- हथेली पर रगड़ने से असली मिर्च में तीखापन और खुशबू आएगी। मिलावट में नहीं होगी।
- मिलावटी मिर्च को पानी में डालने पर मिलावट ऊपर तैरने लगेगी, जैसे ईंट का चूरा।
- बहुत ज्यादा चमकीला लाल रंग मिलावट का संकेत है।
धनिया पाउडर की ऐसे करें पहचान
- असली धनिया में ताजी खुशबू होती है। मिलावटी में नहीं।
- असली धनिया को हाथ में लेकर दबाने पर हल्का तेलीय एहसास होता है। मिलावट में नहीं होगा।
- रंग फीका या मिट्टी जैसा हो तो मिलावट है।
गरम मसाले की ऐसे करें पहचान
- असली मसाले की खुशबू तेज और प्राकृतिक होती है। मिलावट में खुशबू नहीं मिलेगी।
- पानी में डालने पर रंग ज्यादा नहीं छोड़ेगा। मिलावट एकदम छोड़ देगा।
- अत्यधिक तीखी कृत्रिम गंध मिलावट का संकेत है।