विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियों के साथ हुड़दंग, हूटर बजा किया हंगामा, स्टंट कर बनाई रील... बैरियर भी तोड़ डाला

By Anuj Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 28 May 2026 05:10 PM (IST)

गंगा एक्सप्रेस-वे पर आठ गाड़ियों के काफिले ने हूटर बजाकर और स्टंट कर हुड़दंग मचाया, टोल बैरियर तोड़कर भाग निकले। ...और पढ़ें

गंगा एक्सप्रेस-वे पर स्टंट करता आठ गाड़ियों का काफिला। सौ. यूपीडा

गंगा एक्सप्रेस-वे पर स्टंट करता आठ गाड़ियों का काफिला। सौ. यूपीडा

HighLights

  1. आठ गाड़ियों के काफिले ने किया हुड़दंग।

  2. स्टंट कर रील बनाई, बैरियर तोड़ भागे।

  3. टोल प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

संवाद सूत्र, खरखौदा (मेरठ)। पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण गंगा एक्सप्रेस-वे पर भी स्टंट और मनमानी शुरू हो गई है। बुधवार को आठ गाड़ियों के काफिले ने गंगा एक्सप्रेस-वे पर प्रवेश किया। हूटर बजाते हुए गाड़ियों को आड़ा-तिरछा खड़ा कर एक्सप्रेस-वे को बाधित किया। डिवाइडर पर लगी फुलवारी को कुचलकर सड़क की दूसरी ओर पहुंचे। टोल बैरियर पर कर्मचारियों से अभद्रता की और बैरियर तोड़कर भाग निकले। इस दौरान कार चालकों ने रील बनाई और इंटरनेट मीडिया पर अपलोड भी की।

टोल प्लाजा के प्रशासनिक अधिकारी ने थाना खरखौदा में तहरीर दी है। गंगा एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रबंधन के लिए हर किलोमीटर पर कोरियन कैमरे लगे हैं, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं है। इसके चलते बुधवार दोपहर में एक्सप्रेस-वे पर थार, स्कार्पियो समेत आठ गाड़ियों का काफिला पहुंचा। गाड़ियों ने मेरठ की ओर प्रवेश किया। गाड़ियों में सवार युवकों ने हूटर बजाए और हुड़दंग मचाते हुए टोल प्लाजा को पार करके आगे निकल गए।

करीब एक किलोमीटर बाद कट से यूटर्न लेकर वापस लौटे। वे एक्सप्रेस-वे पर बेखौफ होकर करीब 30 मिनट तक सभी गाड़ियों के हूटर लगातार बजाते रहे। गाड़ियां आड़ी-तिरछी खड़ी कर रास्ता बाधित कर दिया। वहां स्टंट किया और रील बनाई। इसके बाद कार सवार वापसी के लिए एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर पहुंचे। टोल कर्मियों ने बैरियर डालकर टोल मांगा तो उनसे अभद्रता की और बैरियर तोड़कर भाग निकले। पूरा घटनाक्रम एटीएमएस सिस्टम में रिकार्ड हो गया। घटनाक्रम के कई वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

एक वीडियो में कार सवार डिवाइडर पर लगी फुलवारी को कुचलते सड़क के दूसरी ओर जाते दिख रहे हैं। यूपीडा के एक्सईएन राकेश मोघा ने बताया कि टोल प्लाजा पर लगे कैमरों से गाड़ियों के नंबरों की पहचान करके थाने पर तहरीर दी है। कार्यवाहक थाना प्रभारी राम गोपाल सिंह का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।