मेरठ में पति-पत्नी के विवाद में 'जकड़ा' मासूम! महिला ने पैर में जंजीर व ताला डालकर बेट को बेड पर छोड़ा
Meerut News: सरधना क्षेत्र में एक बच्चे के पैर में जंजीर बांधकर ताला लगाने का वीडियो वायरल हुआ है, जिसकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

महिला ने पैर में जंजीर व ताला डालकर बच्चे को बेड पर छोड़ा। वीडियो ग्रैब।
HighLights
सरधना में बच्चे के पैर में जंजीर बांधने का वीडियो वायरल।
पिता से मिलने पर मां ने बेटे को जंजीर से बांधा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र के खिर्वा जलालपुर गांव में पिता से मिलने पर एक बच्चे को उसकी आरोपित मां और मामा ने जंजीर से बांध दिया। घटना की जानकारी बच्चे के पिता को तब हुई।
जब उसके मामा ने जंजीर से बंधे बच्चे का 13 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। पीड़ित पिता ने रविवार रात दौराला चौकी पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को जंजीर से मुक्त कराया।
क्षेत्र के गांव निवासी जावेद ने बताया कि उसका निकाह तीन नवंबर 2016 को हुआ था। उनके तीन बच्चे हैं। इनमें बड़ी बेटी, पांच वर्षीय बेटा और सबसे छोटा बेटा है। जावेद के अनुसार करीब ढाई वर्ष पहले किसी विवाद के चलते दोनों अलग हो गए थे। इसके बाद पत्नी अपने मायके में रहने लगी। दोनों बेटे कभी-कभी पिता से मिलने उसके घर आते थे।
जावेद ने बताया कि दो अक्टूबर को बेटे उससे मिलने आए थे। इससे नाराज होकर उसकी आरोपित पत्नी और साले ने बड़ृे बेटे को बेड पर बैठाकर उसके बाएं पैर में जंजीर बांधकर ताला लगा दिया। जावेद को घटना की जानकारी आरोपित साले द्वारा फेसबुक पर वीडियो वायरल करने के बाद हुई।
वीडियो देखकर दौराला चौकी पुलिस का नहीं पिघला दिल
जावेद ने बताया कि उसने दौराला चौकी पर तहरीर देकर वीडियो भी दिखाई। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को जंजीर से मुक्त कराया। साथ ही कार्रवाई का भी उसे आश्वासन दिया। लेकिन मामला दर्ज तक नहीं किया। जहां एक तरफ ग्रामीण सोशल मीडिया पर मासूम की वीडियो देखकर परेशान हो गए। वहीं पुलिस का दिल भी नहीं पिघला।
रात भर मामला दबाए बैठे रही पुलिस
तहरीर मिलने के बाद पुलिस लीपापोती में लग गई और रात भर दबाए बैठी रही। लेकिन रविवार रात पीड़ित के अनुसार लगभग आठ बजे तहरीर देने के बाद भी अगले दिन तक कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद पुलिस की कार्रवाई पर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पति-पत्नी का विवाद है। चाइल्ड लाइन से बात की जाएगी।
