2027 चुनाव से पहले सपा को बड़ा झटका, मुस्लिम राजपूत समाज से आने वाले युवा नेता ने ज्वॉइन कर ली दूसरी पार्टी
नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मेरठ में समाजवादी पार्टी के युवा नेता बाबर चौहान खरदौनी को अपनी आजाद समाज पार्टी में शामिल कर लिया है। यह कदम 2027 के वि ...और पढ़ें

HighLights
चंद्रशेखर आजाद ने सपा नेता बाबर चौहान को पार्टी में लिया।
यह कदम 2027 विधानसभा चुनाव के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा।
किठौर में सपा के मुस्लिम राजपूत वोट बैंक पर असर।
डिजिटल डेस्क, मेरठ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात अभी से बिछनी शुरू हो गई है। नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद ने मेरठ में एक बड़ा दांव चलते हुए समाजवादी पार्टी में सेंधमारी की है।
सपा के युवा नेता और समाजवादी छात्रसभा के राष्ट्रीय सचिव बाबर चौहान खरदौनी ने समर्थकों के साथ आजाद समाज पार्टी का दामन थाम लिया है।
विपक्ष की चुप्पी पर चंद्रशेखर का हमला
मेरठ के गुरुकुल गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में चंद्रशेखर आजाद ने मुख्य विपक्षी दलों (सपा और कांग्रेस) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "विपक्ष की मुख्य पार्टियों ने जनता के मुद्दों पर बोलना बंद कर दिया है। वे मौन साध चुकी हैं। अब समय बदलाव का है और हम नए, संघर्षशील लोगों को मौका देंगे।"
क्यों सपा के लिए बड़ा झटका?
- बाबर चौहान खरदौनी मुस्लिम राजपूत समाज से आते हैं, जिसकी किठौर विधानसभा सीट पर बड़ी आबादी है। उनके आने से सपा के पारंपरिक वोट बैंक में बंटवारा होना तय माना जा रहा है।
- बाबर लंबे समय से सपा के आंदोलनों में सक्रिय रहे हैं। किठौर के वर्तमान विधायक समाजवादी पार्टी के शाहिद मंज़ूर हैं, जिन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के सत्यवीर त्यागी को हराया था। शाहिद मंजूर के गढ़ (किठौर) में उनकी सक्रियता सपा के लिए भविष्य में मुश्किलें खड़ी कर सकती है।
नगीना वाला 'फॉर्मूला' दोहराने की तैयारी
चंद्रशेखर ने साफ कहा कि "जो नगीना में हुआ, वह मेरठ में भी हो सकता है।" उन्होंने संकेत दिया कि आसपा प्रदेश की प्रत्येक सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुकी है।
जून से शुरू होगा घर-घर अभियान
चंद्रशेखर ने एलान किया कि जून महीने से उनकी पार्टी घर-घर अभियान शुरू करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाएं और सामाजिक न्याय की लड़ाई को तेज करें। इस दौरान उन्होंने किठौर से टिकट की दौड़ में शामिल नेताओं को इशारा किया कि पार्टी अब युवाओं और संघर्ष करने वालों को तवज्जो देगी।