विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ghosi Bypoll: घोसी में उपचुनाव के लिए प्रचार थमा, कल डाले जाएंगे वोट; भाजपा-सपा में होगी कांटे की टक्कर

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Pandey
Published: Mon, 04 Sep 2023 09:29 AM (GMT+05:30)Updated: Mon, 04 Sep 2023 01:38 PM (GMT+05:30)

Ghosi Bypoll घोसी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए प्रचार का शोर रविवार शाम पांच बजे थम गया। ...और पढ़ें

घोसी में उपचुनाव के लिए प्रचार थमा, कल डाले जाएंगे वोट; भाजपा-सपा में होगी कांटे की टक्कर
घोसी में उपचुनाव के लिए प्रचार थमा, कल डाले जाएंगे वोट; भाजपा-सपा में होगी कांटे की टक्कर

HighLights

  1. घोसी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार थमा
  2. पांच सितंबर को होगा मतदान
  3. आठ सितंबर को घोषित किए जाएंगे नतीजे

जागरण संवाददाता, मऊ : घोसी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए प्रचार का शोर रविवार शाम पांच बजे थम गया। पांच सितंबर को मतदान होगा और आठ सितंबर को परिणाम घोषित होगा।

भाजपा ने पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान को चुनावी समर में उतारा है तो सपा की ओर से सुधाकर सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। मुख्य मुकाबला इन्हीं दो प्रत्याशियों में है। दोनों ही दलों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बनी इस सीट पर विजयश्री हासिल करने के लिए एनडीए के घटक दलों और आइएनडीआइए के नेताओं ने भी जमकर जोर आजमाइश की।

भाजपा की ओर से एक दर्जन मंत्रियों ने तैयार की जीत की जमीन

चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस, अर्धसैनिक बल व पीएसी के जवान लगाए गए हैं। भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य समेत लगभग एक दर्जन मंत्री लगभग एक पखवारे तक समूचे विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव तक पहुंचकर जीत की जमीन तैयार करते रहे।

बीते शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियां व उपलब्धियां बताते हुए मतदाताओं से सरकार का हाथ मजबूत करने की अपील की थी।

सपा की ओर से शिवपाल ने संभाली कमान

सपा की ओर से राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव व रामगोपाल यादव ने चुनाव प्रचार की कमान संभाली। 29 अगस्त को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी जनसभा कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा था। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा के उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद व अभिनेता मनोज तिवारी व रविकिशन ने रोड शो किया तो सपा के महासचिव शिवपाल यादव ने विभिन्न स्थानों पर चौपाल लगाई।