विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरेराह बीयर पी रहे युवक-युवती का वीडियो वायरल, वृंदावन में वात्सल्य ग्राम के पास घूंट भरते देख भड़के लोग

By Sanjay Pandey Edited By: Prateek Gupta
Updated: Fri, 14 Aug 2026 07:37 PM (IST)

वृंदावन में एक युवक-युवती का सार्वजनिक स्थान पर बीयर पीते हुए वीडियो वायरल हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है, क्योंकि यह धार्मिक नगरी की गरिमा के खिलाफ है।

वृंदावन में अपने साथी को बीयर कैन देती युवती। पहचान छिपाने के लिए फोटो ब्लर है।

वृंदावन में अपने साथी को बीयर कैन देती युवती। पहचान छिपाने के लिए फोटो ब्लर है।

संवाद सहयोगी, वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन में बाइक सवार युवक-युवती का अशोभनीय हरकतें करते वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस जांच में जुटी थी कि अगले दिन फिर एक वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया। एक युवक और युवती का सार्वजनिक स्थान पर बीयर पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हालांकि दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो वात्सल्य ग्राम के सामने का है, लेकिन पुलिस इसे धौरेरा के आसपास सूनसान सड़क का बता रही है। फिलहाल पुलिस नंबर के आधार पर जांच पड़ताल में जुट गई है। शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल हुए वीडियो में कुछ युवक और युवती सड़क किनारे अपना दोपहिया वाहन खड़ा कर बीयर पीते दिखाई दे रहे हैं

यह वीडियो वात्सल्य ग्राम के सामने का बताया जा रहा है। लगातार दो दिन अलग-अलग वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि वृंदावन एक धार्मिक और आध्यात्मिक नगरी है। ऐसे में सरेराह अशोभनीय हरकतें करना अथवा शराब सेवन करना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।

सोशल मीडिया पर कई लोगों ने धार्मिक नगरी की गरिमा बनाए रखने की मांग करते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। वीडियो वायरल होने के बाद यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। वृंदावन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है। हालांकि वीडियो की तिथि और उसमें दिखाई दे रहे युवक-युवती की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है

वहीं अद्धा चौकी प्रभारी रोहित कुमार का कहना है कि वीडियो वात्सल्य ग्राम के सामने का होने का दावा किया गया है, जबकि प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि वह धौरेरा के आसपास सूनसान सड़क का हो सकता है। फिलहाल मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।