विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा में कान्हा के भक्तों के लिए ब्रजवासियों ने खोले दिल के दरवाजे, जगह-जगह सजे भंडारे

Published: Sat, 05 Sep 2026 12:17 AM (IST)

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर ब्रजवासियों ने भक्तों के लिए जगह-जगह भव्य भंडारे आयोजित किए। श्रद्धालुओं को ठाकुरजी का अतिथि ...और पढ़ें

जगह-जगह सजे भंडारे (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

जगह-जगह सजे भंडारे (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. मथुरा में जन्माष्टमी पर ब्रजवासियों ने भव्य भंडारे लगाए।

  2. श्रद्धालुओं को ठाकुरजी का अतिथि मानकर भोजन परोसा गया।

  3. कई सामाजिक संस्थाओं और परिवारों ने सेवा में भाग लिया।

जागरण संवाददाता, मथुरा। कहीं कड़ाहों में खौलती सब्जी, कहीं पूड़ियां सेंकते सेवादार और कहीं हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं को प्रेम से प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह करते ब्रजवासी, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर ब्रजभूमि में भक्ति और सेवा का ऐसा संगम हर ओर दिखाई दे रहा है। ठाकुरजी के जन्मोत्सव में उमड़े श्रद्धालुओं को भगवान का अतिथि मानकर ब्रजवासी जगह-जगह भंडारे लगा रहे हैं। ो

आस्था से सजी इन भंडारों में भोजन के साथ प्रेम और अपनापन भी परोसा जा रहा है, मानो अपने कान्हा के जन्मोत्सव पर भक्तों की सेवा ही ब्रजवासियों के लिए सच्ची ठाकुर सेवा बन गई हो।   

ब्रजवासियों की यह सेवा श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधा 

जन्माष्टमी के उल्लास के बीच ब्रजवासियों की यह सेवा श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधा बन रही है। दूर-दराज से आने वाले भक्तों को भोजन की तलाश न करनी पड़े, इसके लिए अनेक सामाजिक संस्थाएं, व्यापारी, धार्मिक संगठन और स्थानीय परिवार आगे आए हैं। 

कोई पूड़ी-सब्जी परोस रहा है तो कहीं खिचड़ी, हलवा, कढ़ी-चावल और अन्य प्रसाद श्रद्धालुओं को वितरित किया जा रहा है। कई स्थानों पर चाय, शरबत और पेयजल की भी व्यवस्था की गई है। व्रत रखने वालों के लिए फलाहार की भी व्यवस्था थी। 

भंडारों की सबसे खास बात केवल भोजन नहीं, बल्कि उसमें दिखाई देने वाला अपनापन है। ब्रजवासी श्रद्धालुओं का स्वागत अतिथि की तरह कर रहे हैं। भोजन परोसते समय सेवा में जुटे लोग श्रद्धालुओं से आत्मीयता के साथ मिले और उन्हें प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया। 

बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने इस सेवा कार्य में अपनी भागीदारी निभाई। स्टेट बैंक चौराहे पर भंडारा लगाने वाले सुमित तिवारी, अवशेष गुप्ता, ध्रुव, गोपाला और नवनीत कौशिक का कहना है कि जन्माष्टमी पर ब्रज में आने वाला प्रत्येक भक्त ठाकुरजी का अतिथि है और उसकी सेवा ही सच्ची भक्ति है।  

मंडी रामदास पर तीनदिवसीय भंडारा

गिलट आभूषण व्यवसायी समिति के तत्वावधान में रामपाल गली, मंडी रामदास पर तीनदिवसीय भंडारा लगाया गया, जहां पूड़ी, सब्जी, बूंदी, आइसक्रीम, हलुआ और मगौड़े आदि वितरित किए गए। समिति अध्यक्ष व भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राहुल नक्षत्र, गुड्डू अग्रवाल, भंडारा कार्यक्रम के मुख्य संयोजक मृदुल कृष्ण अग्रवाल, सह मंत्री सुरेंद्र चौधरी, कार्यक्रम सहसंयोजक राहुल नवरत्न आदि उपस्थित थे। 

श्रीजी बाबा आश्रम पर श्रद्धालुओं के लिए लगाया भंडारा  

श्रद्धालुओं के लिए श्रीजी बाबा आश्रम भूतेश्वर पर शुक्रवार को भंडारे का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश तिवारी एवं विशेष न्यायाधीश लाल बहादुर जायसवाल ने भगवान श्रीकृष्ण के छवि पर माल्यार्पण- दीप प्रज्वलन करके किया। महंत राधाकांत गोस्वामी, रमाकांत गोस्वामी, एनके उपमन्यु, आजाद सारस्वत, कन्हैया अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, महेश लोहिया मौजूद रहे।