विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा: भाजपा का झंडा लगी कार ने सरकारी इंजीनियर को रौंदा, 50 मीटर तक घसीटा; आगरा से आरोपी गिरफ्तार

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 05 Sep 2026 07:14 PM (IST)Updated: Sat, 05 Sep 2026 10:56 PM (IST)

मथुरा में भाजपा का झंडा लगी कार ने ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग के अवर अभियंता को टक्कर मारकर 50 मीटर ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मथुरा। मसानी तिराहे पर जाम के दौरान कार की टक्कर का विरोध करना ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग के अवर अभियंता को भारी पड़ गया। पीछे से कार से टक्कर मारने के बाद चालक ने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी और इंजीनियर के ऊपर ही कार चढ़ा दी।

सड़क पर गिरे इंजीनियर को आरोपित कार के नीचे फंसाकर 50 मीटर तक घसीटता ले गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में भाजपा का झंडा लगा था। आरोपित चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। घटना 31 अगस्त दोपहर साढ़े 12 बजे की है

वीडियो प्रसारित होने के बाद आगरा नंबर की कार के अज्ञात चालक पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ। गौतमबुद्ध नगर के रघुपुरा निवासी विक्रांत भारती मथुरा के राजीव भवन में ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग के अवर अभियंता के पद पर तैनात हैं। वह मथुरा के राधा वैली में रहते हैं।

उन्होंने बताया कि 31 अगस्त को वह चल रहे निर्माण कार्य देखकर राजीव भवन लौट रहे थे। मसानी तिराहे के समीप जाम लगा था। इसी दौरान भाजपा का झंडा लगाए आगरा नंबर की एक कार संख्या यूपी80 एफएस 7288 ने उनकी कार में पीछे से टक्कर मार दी

टक्कर के बाद इंजीनियर ने कार से उतरकर इसका विरोध किया तो कार चालक गाली-गलौच करने लगा। पीड़ित का कहना था कि उनकी कार में नुकसान हुआ है। इसे ठीक कराया जाए। इस दौरान आरोपित कार चालक भागने की कोशिश करने लगा। अवर अभियंता ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ने कार नहीं रोकी।

उन्हें वाहन के नीचे फंसाकर 50 मीटर तक घसीटता ले गया। इससे इंजीनियर गंभीर घायल हो गए। इंजीनियर के पिता जीवन लाल ने गोविंद नगर थाने में प्रार्थना-पत्र दिया। आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद तीन सितंबर को स्वजन ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है

शनिवार को घटना वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस ने कार नंबर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि कार चालक का पता कर गिरफ्तार किया जाएगा।

आगरा से पकड़ा आरोपी

कार का नंबर आगरा का होने पर स्थानीय पुलिस ने आगरा संपर्क साधा। कार नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर लिया है। आगरा में दयालबाग निवासी विशाल शर्मा को पकड़ा गया है। इनका दयालबाग में शाकुंभरी इंटर कॉलेज है। आरोपी भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष मधुसूदन शर्मा का पुत्र है।