विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा की जजेज कॉलोनी में एसीजेएम के घर लाखों की चोरी, लाइसेंसी पिस्टल भी गायब

By Vineet Kumar Mishra Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 08 Sep 2026 03:13 PM (IST)

मथुरा की जजेज कॉलोनी में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के घर लाखों की चोरी हुई, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण, नकदी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, मथुरा। शहर की जिस जजेज कालोनी में 24 घंटे पुलिस की पिकेट रहती है, वहां भी चोरों ने वारदात कर दी। यहां अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) के घर का ताला तोड़ा। फिर बेडरूम की कुंडी तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी के साथ लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस भी चुरा ले गए।

मजिस्ट्रेट अपने पत्नी के साथ रोहतक गए। कालोनी में लगे सीसीटीवी में चोर कैद नहीं हो पाए हैं। सिविल लाइन क्षेत्र में जजेज कालोनी है। यहां पर तीन दीवान और एक दारोगा की 24 घंटे ड्यूटी रहती है। यहां रहने वाले एसीजेएम वरुण कौशिक चार सितंबर को पत्नी प्रिया कुमारी के साथ घर पर ताला लगाकर रोहतक गए थे

पत्नी ने मंत्रा कंपनी से पार्सल बुक किया था। छह सितंबर की सुबह करीब सवा 11 बजे डिलीवरी बाॅय पार्सल लेकर पहुंचा। उसने बुकिंग पर दिए नंबर पर फोन किया तो पता चला कि परिवार रोहतक में है। डिलीवरी बाय ने बताया कि उनके मकान का ताला टूटा हुआ है।

परिवार के कहने पर वीडियो काॅल के जरिए डिलीवरी बाॅय ने घर की स्थिति दिखाई। फिर घर में रखा नया ताला डिलीवरी बाय ने लगाया और चाबी पड़ोसी को दे दी। शाम को एसीजेएम घर पहुंच हाल देखा।

चोर घर से आठ जोड़ी सोने के कुंडल, दो सोने की अंगूठियां, पेंडेंट वाली सोने की जंजीर, रुद्राक्ष वाली सोने की जंजीर, दो सोने की नथियां, दो चांदी के सिक्के और करीब 100 ग्राम चांदी की बिस्किट चोरी कर ले गए। इसके अलावा उनकी लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस भी चोरी हैं।

चोर 25 हजार रुपये की नकदी भी ले गए। पत्नी ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि जिस तरह से घटना हुई है, किसी जानकार का हाथ लगता है। बहुत सामान बिखेरा नहीं गया है। इससे लगता है चोरों को सामान कहां रखा है, इसकी पहले से जानकारी थी।

एसीजेएम ने दो लोगों पर शक जताया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। कालोनी के अंदर सीसीटीवी खंगाले गए, लेकिन उसमें कोई फुटेज नहीं मिला है।