श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति दल ने 14 सितंबर को जंतर-मंतर पर आंदोलन का किया एलान, कानून बनाने की भी मांग
श्रीकृष्ण जन्मस्थान मुक्ति आंदोलन को लेकर मथुरा में हुई बैठक में 14 सितंबर को जंतर-मंतर पर आंदोलन का ऐलान किया गया। विभिन्न हिंदू संगठनों ने श्रीकृष्ण ...और पढ़ें

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति दल ने की 14 सितंबर को जंतर-मंतर पर आंदोलन का किया एलान।
HighLights
14 सितंबर को जंतर-मंतर पर आंदोलन प्रस्तावित।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान के लिए कानून बनाने की मांग।
वक्फ अधिनियम समाप्त करने की भी मांग उठी।
जागरण संवाददाता, मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान मुक्ति आंदोलन को लेकर सोमवार को स्वामी घाट स्थित सयमन तीर्थ स्थल पर यमुना पूजन के बाद बैठक आयोजित की गई। श्रीकृष्ण जन्मस्थान मुक्ति आंदोलन के लिए रणनीति बनाई गई। आंदोलन 14 सितंबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित है।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति दल व श्री भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति की संयुक्त बैठक में संत समाज के साथ विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता मुकेश कुमार शर्मा ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान का विषय करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि कारसेवा के नाम पर केवल घोषणाएं करने के बजाय सरकार से आवश्यक कानून बनाने की मांग को मजबूती से उठाया जाना चाहिए। भगवान श्री परशुराम शोभायात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम गोपाल शर्मा ने कहा कि किसी आंदोलन की सफलता केवल भीड़ जुटाने से तय नहीं होती, बल्कि उसके पीछे स्पष्ट उद्देश्य, ठोस मांग और निरंतर जनजागरण होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि सनातन समाज को भावनात्मक नारों के साथ धार्मिक स्थलों के संरक्षण और उनसे जुड़े मामलों के समाधान के लिए वैधानिक व्यवस्था की मांग भी उठानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कारसेवा के नाम पर होने वाली घोषणाओं को लेकर समाज के सामने उद्देश्य और संभावित परिणाम स्पष्ट होना चाहिए। यदि श्रीकृष्ण जन्मभूमि सहित अन्य धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों का समाधान चाहिए तो सरकार से आवश्यक कानून बनाने की मांग लोकतांत्रिक तरीके से की जानी चाहिए।
खबरें और भी
अखिल भारत हिंदू महासभा के उत्तर प्रदेश संत सभा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजय हरियाणा ने कहा कि सनातन धार्मिक स्थलों के संरक्षण के लिए संत समाज और धार्मिक संगठनों को एकजुट होकर प्रभावी भूमिका निभानी होगी।
बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि सहित धार्मिक स्थलों से जुड़े विवादों के समाधान के लिए आवश्यक कानून बनाने, वक्फ अधिनियम को समाप्त करने, गो माता को राष्ट्र माता घोषित कर गो संरक्षण कानून बनाने, मठ-मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने, सनातन बोर्ड के गठन की मांग रखी गई।
इसके अलावा पूजास्थल से संबंधित कानून में पुनर्विचार, आरक्षण व्यवस्था पर पुनर्विचार, एससी-एसटी से संबंधित कानूनों के कथित गलत प्रयोग को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग भी वक्ताओं ने रखी।
कारसेवा के नाम पर समाज को भ्रमित नहीं करने की अपील भी की गई। वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में न्यायालय की प्रक्रिया और संवैधानिक व्यवस्था का सम्मान करते हुए लोकतांत्रिक व वैधानिक माध्यमों से समाधान की दिशा में प्रयास किया जाना चाहिए।
श्री वामन भगवान महोत्सव समिति के महामंत्री अर्जुन पंडित ने बताया कि सर्वजन सनातन पार्टी व श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति दल की ओर से 14 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन प्रस्तावित है। अखिलेश शुक्ला, श्याम बिहार दिनकर, राजेश मणि त्रिपाठी, अजय शर्मा, श्याम शर्मा मौजूद रहे।