विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा में चलती ट्रेन में लात मारकर गिराया हाथरस का युवक...मौत, गेट पर बैठने को लेकर विवाद 

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 05 Sep 2026 02:47 PM (IST)

हाथरस से मथुरा आ रही ट्रेन में गेट पर बैठने को लेकर हुए विवाद में अलीगढ़ निवासी युवक ने जतिन ...और पढ़ें

हाथरस के युवक जतिन का फाइल फोटो।

हाथरस के युवक जतिन का फाइल फोटो।

जागरण संवाददाता, मथुरा। हाथरस से मथुरा आ रही ट्रेन में गेट के पास बैठने को लेकर हुआ विवाद शुक्रवार दोपहर खूनी घटना में बदल गया। अलीगढ़ निवासी युवक ने विवाद में जतिन को दो लात मार दीं। इससे जतिन ट्रेन के गेट के पास नीचे गिर गया और गंभीर चोट लगने से उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई।

यात्रियों और स्वजन ने आरोपित युवक को पकड़ लिया और जीआरपी के सिपुर्द कर दिया। हाथरस के गांव रानी का नगला निवासी संजू देवी अपने पति लख्मी चंद्र और बेटों अनुज व जतिन के साथ शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे हाथरस से मथुरा के लिए ट्रेन में सवार हुई थीं। उन्हें मथुरा में अपने बड़े बेटे सनी के पास आना था।

दोपहर दो बजे ट्रेन जब राया क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी गेट के पास बैठने को लेकर जतिन का अलीगढ़ निवासी विजेंद्र से विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान विजेंद्र ने जतिन को दो लात मार दीं। लात लगने से जतिन नीचे गिर गया और ट्रेन से बाहर जा गिरा। हादसे में उसकी मृत्यु हो गई

बेटे को बचाने के लिए मां संजू देवी चीखती-चिल्लाती रहीं, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। यात्रियों और स्वजन ने आरोपित विजेंद्र को पकड़ लिया और जीआरपी के सिपुर्द कर दिया।

मृतक के भाई सनी ने जीआरपी में आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस यात्रियों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है। मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।