विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली हाईवे पर युवती को दिनदहाड़े कार में खींचकर ले गए सवार, चीखती रही पर नहीं आया मदद के लिए कोई आगे

By Jitendra Kumar Gupta Edited By: Prateek Gupta
Updated: Thu, 26 Mar 2026 06:32 PM (IST)

मथुरा के कोसीकलां में आगरा-दिल्ली हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक युवती को कार में खींचकर हरियाणा ले जाया गया। युवती मदद के लिए चीखती रही, पर कोई आगे नहीं आ ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

संवाद सूत्र, कोसीकलां (मथुरा)। आगरा दिल्ली हाईवे पर गुरुवार दोपहर दो बजे कार सवार एक युवती को खींचकर कार में डालकर हरियाणा की ओर ले भागे। युवती उनसे बचने के लिए मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन लोग मदद करने की बजाए तमाशबीन बने रहे।

एक युवक ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी और युवती को बचाने की अपील की। इसके बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए। पुलिस ने प्रथमदृष्टया पारिवारिक मामला होने की आशंका जताई है।

गुरुवार दोपहर दो बजे एक युवती हाईवे स्थित बाइपास के पास भीड़ के पास कहीं जाने के लिए वाहन के इंतजार में खड़ी थी। तभी एक हरियाणा नंबर की वैगनआर कार आकर रुकी। उसमें सवार युवकों ने युवती को कार में खींचना शुरू कर दिया। इस पर युवती वहां खडे़ लोगों से मदद की गुहार लगाती रही। चीखती चिल्लाती रही।

लेकिन कोई भी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। युवती को युवक कार में डालकर हरियाणा की ओर ले भागे। इस बीच वहां अपने घर जा रहे युवक रजत भारद्वाज ने साहस करते हुए कार का पीछा भी किया, लेकिन कार आंखों से ओझल हो गई।

युवक ने थाने पहुंचकर पूरे मामले के बारे में पुलिस को सूचना दी और युवती को उस संकट से बचाने की अपील की। घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए। पुलिस कार नंबर के आधार पर उसके मालिक तक पहुंचने में जुट गई।

बठैनगेट चौकी प्रभारी मुनेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामले की सीसीटीवी फुटेज देखी गई हैं तो उससे पारिवारिक मामला प्रतीत हो रहा है। युवती और युवक साथ आते दिख रहे हैं। उसी युवक ने युवती को कार में बिठाया है। फिर भी मामले को लेकर जांच की जा रही है।