मैनपुरी: कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का रिसाव, बड़े एरिया में फैली दुर्गंध; मची अफरा-तफरी
मैनपुरी के बिछवां क्षेत्र में स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का रिसाव होने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस, प्रशा ...और पढ़ें

मैनपुरी में कोल्ड स्टोरेज में गैस रिसाव को कंट्रोल करने के बाद पुलिस अधिकारी।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। बिछवां क्षेत्र के जसवंतपुर गांव में संचालित कोल्ड स्टोर में शनिवार दोपहर 12 बजे के करीब अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा। जानकारी होते ही आसपास के लोगों में अफरा- तफरी मच गई। गैस की दुर्गंध फैलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस-प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
जहां आधा घंटा की मशक्कत के बाद लीकेज ठीक कर गैस रिसाव बंद करा दिया है। बिछवा क्षेत्र में हन्नुखेड़ा मार्ग पर गांव जसवंतपुर के निकट बृज मंगल सिंह कोल्ड स्टोरेज का संचालन हो रहा है। शनिवार दोपहर 12 के करीब किसी तरह पाइप में लीकेज होने के कारण अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। जानकारी होते ही आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गई। बड़े एरिया में दुर्गंध फैल गई।
सूचना पर एएसपी सिटी अरुण कुमार सिंह के साथ सीओ भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी, एसडीएम कुरावली प्रदीप सिंह और तहसीलदार कुरावली अखिल गोयल मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने दूसरे कोल्ड स्टोर के इंजीनियर के साथ आक्सीजन सिलेंडर की मदद से अंदर प्रवेश किया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गैस का रिसाव बंद किया।
इसके बाद दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर वातावरण में फैली अमोनिया की दुर्गंध को कम किया। एसडीएम प्रदीप सिंह ने कोल्ड स्टोर संचालक राजीव चौहान को निर्देश दिए कि इंजीनियर से आवश्यक मरम्मत कराने के बाद ही कोल्ड स्टोर का संचालन किया जाए।