हर महीने 3000 रु लेने ड्राइवर आता था... मैनपुरी में CDO पर वसूली का आरोप, CVO ने ऑडियो-वीडियो किए वायरल
सीडीओ ने आरोपों को निराधार बताते हुए अपने चालक को निलंबित कर सीवीओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की बात कही है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
सीवीओ ने सीडीओ पर मासिक वसूली का आरोप लगाया
आरोप के समर्थन में ऑडियो और वीडियो जारी किए
सीडीओ ने आरोपों को निराधार बताकर कार्रवाई की
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। सोशल मीडिया पर मंगलवार को प्रसारित हुए एक ऑडियो और दो वीडियो ने प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मचा दी। प्रसारित ऑडियो में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) डॉ. सोमदत्त सिंह ने सीडीओ नेहा बंधु पर हर माह तीन हजार रुपये वसूले जाने का आरोप लगाए हैं। साथ ही वीडियो में भी जब रुपये लेने की बात हो रही है तो सीडीओ का चालक हंसता दिख रहा है। यह मामला दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।
हर महीने तीन हजार रुपये देने की बात
मंगलवार की दोपहर में सीवीओ डॉ. सोमदत्त सिंह ने एक ऑडियो जारी किया। इसमें वह कह रहे है कि यह जो ऑडियो है यह सीडीओ है मैनपुरी में, इसके खिलाफ है। यह हर महीने मुझसे तीन हजार रुपये लेती थी और मुझे डराती थी कि मैं तुझे नौकरी नहीं करने दूंगी। मैं यहां की लोकल हूं और तुझे सिखा दूंगी कि कैसे नौकरी होती है। नौकरी करने ही नहीं दूंगी। इसके खिलाफ मैंने वीडियो बनाई, जो इसका ड्राइवर आकर पैसे लेता था, यह वीडियो में है। इसके खिलाफ मैं काेर्ट में रिपोर्ट लिखवाने जा रहा हूं।
ऑडियो के साथ सीडीओ के चालक से बातचीत के दो वीडियो भी किए जारी
इसके साथ ही जारी की गईं दो वीडियो में सीडीओ का चालक दिख रहा है, जिसमें चालक से एक व्यक्ति कह रहा है कि भाईसाहब हमारे अंदर भी दिमाग है। हम पढ़-लिखकर डॉक्टर बने हैं। पैसे हर महीने दूध के हम देते हैं। इतना बड़ा आदमी वो भी सीडीओ। एक अन्य वीडियो में रुपये लेने की बात पर चालक हंसता हुआ दिख रहा है।
इस मामले में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने बताया कि उन पर लगाए आरोप पूरी तरह निराधार हैं। वीडियो में उनका चालक दिखाई दे रहा है। उसे निलंबित किया जा रहा है। सीवीओ के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जा रही है।