विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

15.50 करोड़ की लागत से UP के इस जिले में बनेगा 50 बेड का आयुष हॉस्पिटल, जनीम चिह्नत

Updated: Thu, 12 Feb 2026 07:02 PM (IST)

महराजगंज के धनेवा क्षेत्र में 15.50 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक आयुष अस्पताल स्थापित होगा। इसके लिए एक एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। यह ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, महराजगंज। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। धनेवा क्षेत्र में शीघ्र ही 50 बेड क्षमता का अत्याधुनिक आयुष अस्पताल स्थापित किया जाएगा। इसके लिए करीब एक एकड़ भूमि चिन्हित कर ली गई है। लगभग 15.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह अस्पताल क्षेत्रवासियों को आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी एवं योग पद्धति के माध्यम से समग्र उपचार सुविधा प्रदान करेगा।

अस्पताल भवन का निर्माण आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाएगा। इसमें ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग) एवं आइपीडी (आंतरिक रोगी विभाग) की सुविधा होगी। साथ ही पंचकर्म कक्ष, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, परामर्श कक्ष, औषधि वितरण केंद्र, पैथोलाजी जांच कक्ष, पुरुष एवं महिला वार्ड, प्रतीक्षालय और प्रशासनिक कक्ष भी विकसित किए जाएंगे।

लोगों को मिलेंगी ये सुविधाएं

रोगियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ पेयजल, शौचालय और दिव्यांग अनुकूल व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। अस्पताल में आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। नियमित योग सत्र, ध्यान एवं जीवनशैली सुधार कार्यक्रम संचालित होंगे, जिससे रोगों की रोकथाम और स्वास्थ्य संवर्धन पर विशेष बल दिया जा सके।

दीर्घकालिक रोगों जैसे मधुमेह, गठिया, त्वचा रोग, अस्थमा और तनाव संबंधी समस्याओं के उपचार के लिए विशेष परामर्श सुविधा उपलब्ध रहेगी। अस्पताल बनने से धनेवा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।

यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में CHC का काम जल्द पूरा होने की उम्मीद, पोस्टमार्टम हाऊस के पास जमीन चिह्नित

इससे अन्य शहरों की ओर अनावश्यक भागदौड़ कम होगी और समय व धन दोनों की बचत होगी। साथ ही आयुष पद्धति के प्रति लोगों का विश्वास और जागरूकता भी बढ़ेगी।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक शुभम सिंह ने बताया कि शीघ्र ही अस्पताल का निर्माण होगा। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है। यह परियोजना क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में उल्लेखनीय सुधार लाने में मील का पत्थर साबित होगी।