महराजगंज में 14.60 करोड़ रुपए की लागत से बनेंगे 6 नए पुल, शासन ने दी मंजूरी
महराजगंज जिले में आवागमन को सुगम बनाने के लिए छह नए लघु सेतुओं के निर्माण को शासन ने 14.60 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
महराजगंज में छह नए लघु सेतुओं को मंजूरी मिली।
कुल 14.60 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
पुराने व संकरे पुलों की जगह नए पुल बनेंगे।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। जिले में आवागमन को सुगम बनाने और पुराने व संकरे पुलों से निजात दिलाने के लिए छह लघु सेतुओं (पुलों) के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। राज्य योजना अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में इन पुलों के निर्माण के लिए शासन ने कुल 14 करोड़ 60 लाख 45 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
लोक निर्माण विभाग के सेतु विंग के प्रस्ताव पर पांच सितंबर को जारी दो अलग-अलग शासनादेशों में महराजगंज के इन छह कार्यों को मंजूरी मिली है। वहीं पहली किस्त के रूप में कुल दो करोड़ 92 लाख नौ हजार रुपये की प्रथम किस्त भी जारी कर दी गई है।
जिन पुलों के निर्माण को स्वीकृति मिली है, उसमें पहला कार्य घुघली-शिकारपुर मार्ग पर बरवा स्थित पुराने व संकरे आर्च पुलिया के स्थान पर 2×3×3 मीटर स्पान के लघु सेतु और पहुंच मार्ग का होगा। इसकी लागत 2 करोड़ 22 लाख 65 हजार रुपये है। इसके लिए 44.53 लाख रुपये प्रथम किस्त में जारी हुए हैं।
इसी क्रम में सीएसटीएन मार्ग के छह किमी पर दो पुलों की लागत तीन करोड़ 59 लाख 73 हजार रुपये है। सिसवा-शिवदत्त छपरा-चैनपुर-बेलवा द्वारिका-सोनबरसा-बेलवा घाट पर लघु सेतु और पहुंच मार्ग का निर्माण होगा। इसकी लागत एक करोड़ 19 लाख 91 हजार रुपये है।
वहीं बेलवा काजी के अंतर्गत चाफी टोला संपर्क मार्ग पर लघु सेतु, पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्य को मंजूरी दी गई है। इसकी लागत 1.95 करोड़ रुपये है। वहीं ठूठीबारी-नौतनवां मार्ग पर महाव नाला के किमी 19.369 में पुराने लघु सेतु के स्थान पर नया लघु सेतु (वेल फाउंडेशन) और पहुंच मार्ग बनाया जाएगा।
इस कार्य की लागत तीन करोड़ 63 लाख 14 हजार रुपये है और पहली किस्त के रूप में 72.63 लाख रुपये मिले हैं। इसके अलावा निचलौल-चिउटहां-पुरैना मार्ग पर स्थित संकरे पुल के स्थान पर नये पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इसकी लागत दो करोड़ 88 लाख सात हजार रुपये है।
सभी छह कार्यों की कुल लागत 14.60 करोड़ रुपये है, जिसके सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में 2.92 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता राजकुमार मिश्रा ने बताया कि जल्द ही टेंडर की कार्रवाई पूरी करते हुए कार्य कराया जाएगा।
