यूपी में दोस्तों संग नहाने गया युवक गोमती में डूबा, देर शाम तक नहीं मिला शव
दुबग्गा के सैथा गांव में गोमती नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया एक युवक डूब गया। ठाकुरगंज निवासी अंकुर सिंह अपनी चचेरी बहन से वीडियो कॉल पर बात करते ह ...और पढ़ें

HighLights
दुबग्गा के सैथा गांव में युवक गोमती में डूबा।
अंकुर सिंह दोस्तों संग नहाने गया था, वीडियो कॉल पर था।
पुलिस और SDRF ने देर शाम तक तलाश की, शव नहीं मिला।
संवाद सूत्र, काकोरी (लखनऊ)। दुबग्गा के सैथा गांव स्थित भुईएन देवी मंदिर के पास गोमती नदी में गुरुवार शाम दोस्तों के साथ नहाने गया युवक डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने देर शाम तक तलाश की, लेकिन शव बरामद नहीं हो सका।
ठाकुरगंज के मुसाहिबगंज निवासी अंकुर सिंह अपने दोस्तों आदर्श सिंह, अविरल और देश दीपक के साथ नदी में नहाने गया था। देश दीपक के अनुसार अंकुर नहाते समय अपनी चचेरी बहन माही सिंह से मोबाइल पर वीडियो काल पर बात कर रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुका था। बताया गया कि देश दीपक का सैथा गांव में प्लाट है, जहां वह सुबह से निर्माण कार्य करवा रहा था। दोपहर बाद अन्य तीनों दोस्त वहां पहुंचे और नदी में नहाने की बात कहने लगे, जिसके बाद सभी चारों नदी पर चले गए।
अंकुर सिंह एक निजी कंपनी में पार्सल डिलीवरी का काम करता था। उसके पिता महेंद्र सिंह और छोटा भाई नकुल पंजाब में काम करते हैं। मां का पहले ही निधन हो चुका है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर चौकी प्रभारी सुमित श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। बाद में एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया, जिसने देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।