योगी आदित्यनाथ ने पेश किया 9 साल का रिपोर्ट कार्ड, 2027 में तीसरी बार सरकार बनाने का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के नौ साल का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए 2027 में तीसरी बार सत्ता में आने का दावा किया। ...और पढ़ें

HighLights
मुख्यमंत्री योगी ने 9 साल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया।
2027 में तीसरी बार सरकार बनाने का दावा किया।
विकास, कानून-व्यवस्था, निवेश को प्रमुख उपलब्धि बताया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपनी सरकार के नौ वर्षों का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए आगामी विधान सभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश अब पहचान और पिछड़ेपन के संकट से निकलकर देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। वर्ष 2027 में भाजपा के नेतृत्व में एनडीए लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर नया राजनीतिक इतिहास रचेगा।
योगी ने अपने संबोधन में विकास, कानून-व्यवस्था, निवेश, कृषि, रोजगार और इन्फ्रास्ट्रक्चर की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं समाजवादी पार्टी पर सरकारी खजाने की लूट, माफियाओं को संरक्षण और अधूरी परियोजनाओं का आरोप लगाते हुए विपक्ष पर तीखे राजनीतिक हमले भी किए।
होटल ताज में एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश दंगा, कर्फ्यू, माफिया राज और पहचान के संकट से जूझ रहा था, जबकि आज प्रदेश कानून के राज और बेहतर निवेश माहौल के कारण देश के सबसे आकर्षक निवेश स्थलों में शामिल है।
जनता के सामने उनकी सरकार के नौ वर्षों का रिपोर्ट कार्ड है, जबकि 2003 से 2017 तक सपा, बसपा और अन्य सरकारों के कार्यकाल का भी हिसाब मौजूद है। जनता दोनों की तुलना कर निर्णय करेगी।
योगी ने दावा किया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय तीन गुणा बढ़ी है तथा राज्य अब देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई इकाइयां संचालित हो रही हैं, जिनसे सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिला है।
खबरें और भी
सरकार प्रत्येक इकाई को पांच लाख रुपये का सामाजिक सुरक्षा बीमा कवर भी उपलब्ध करा रही है। राज्य को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है और 7.50 लाख करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग की तैयारी है।
कानून-व्यवस्था को अपनी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश आज दंगा, कर्फ्यू और माफिया संस्कृति से मुक्त है। कानून का राज स्थापित होने से ही निवेश और विकास को गति मिली। पहले व्यापारी, उद्यमी और बेटियां असुरक्षित महसूस करते थे, जबकि आज प्रदेश सुरक्षा के मामले में अन्य राज्यों के लिए माडल बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने सपा पर आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में सरकारी खजाने की खुली लूट हुई। गोमती रिवर फ्रंट, जेपीएनआइसी और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए कहा कि परियोजनाओं की लागत कई गुणा बढ़ाई गई, लेकिन काम अधूरा रहा।
उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे कम लागत में बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराया। प्रदेश ने पिछले नौ वर्षों में यह साबित कर दिया है कि मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति, कानून का राज और पारदर्शी शासन किसी भी बड़े राज्य की तस्वीर बदल सकते हैं।
राम मंदिर निर्माण का विरोध करने वाले आज कर रहे आस्था की राजनीति
अयोध्या में राम मंदिर और हाल के चढ़ावा चोरी प्रकरण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों के खिलाफ एसआइटी जांच के आधार पर कार्रवाई की गई है, लेकिन इस घटना के बहाने अयोध्या और हिंदू आस्था को बदनाम करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण का विरोध करने वाले आज आस्था की राजनीति कर रहे हैं।