ODOP योजना से बदलेगी यूपी के युवाओं की तकदीर, 8525 युवाओं को मिलेगा आधुनिक कौशल प्रशिक्षण
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने 'एक जिला-एक उत्पाद' योजना के तहत 8,525 युवाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण देने का अभियान शुरू किया है। ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड तस्वीर
HighLights
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा 8,525 युवाओं को प्रशिक्षण।
आधुनिक तकनीक, डिजाइन, पैकेजिंग और डिजिटल मार्केटिंग का प्रशिक्षण।
स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा, रोजगार और आत्मनिर्भरता का लक्ष्य।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान देने और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) के तहत अभियान शुरू किया है।
इसके तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों के 8,525 युवाओं को आधुनिक तकनीक, डिजाइन, गुणवत्ता सुधार, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग और उद्यमिता का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पहले चरण में एक अप्रैल से 17 जिलों के 1,050 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब दूसरे चरण में 58 जिलों के 7,475 युवाओं को प्रशिक्षण देने की तैयारी की गई है। पहले चरण में एटा में हस्तशिल्प, मीरजापुर में कालीन, प्रतापगढ़ और बहराइच में फूड प्रोसेसिंग, गौतम बुद्ध नगर में अपैरल व फैशन डिजाइनिंग और आगरा में आधुनिक लेदर तकनीक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
दूसरे चरण में वाराणसी में टेक्सटाइल डिजाइनिंग, गोंडा में दलहन आधारित फूड प्रोसेसिंग और महाराजगंज व पीलीभीत में आधुनिक फर्नीचर निर्माण का प्रशिक्षण होगा। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, बैंक ऋण, मुद्रा योजना और अन्य सरकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी मिशन की वेबसाइट upsdm.gov.in या कौशल काल सेंटर 0522-3619292 से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पुलकित खरे ने बताया कि मिशन निदेशक इस पहल से स्थानीय उद्योगों को कुशल मानव संसाधन मिलेगा और प्रदेश की आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।