यूपी के सरकारी और एडेड स्कूलों में समय पर भरे जाएंगे खाली पद, माध्यमिक शिक्षा विभाग ने जारी किया नया टाइम-टेबल
उत्तर प्रदेश के राजकीय और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पदों को भरने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने नई समय-सारणी जारी की है।

माध्यमिक विद्यालयों के रिक्त पदों का ब्योरा देने की समय सारिणी तय।
HighLights
माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पदों को भरने की नई समय-सारणी।
हर साल 1 अप्रैल तक रिक्त पदों की गणना की जाएगी।
31 मई तक भर्ती आयोगों को अधियाचन भेजना अनिवार्य।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में सीधी भर्ती के रिक्त पदों को समयबद्ध ढंग से भरने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने अधियाचन भेजने के लिए समय-सारणी निर्धारित कर दी है।
नई समय सारिणी के अनुसार अब प्रति वर्ष एक अप्रैल तक खाली होने वाले सभी पदों की गणना पूरी की जाएगी और इसके बाद 31 मई तक संबंधित भर्ती आयोगों को अधियाचन भेजा जाएगा।
इस संबंध में सचिव माध्यमिक शिक्षा किंजल सिंह ने द्वारा शिक्षा निदेशक को जारी निर्देश में कहा है कि माध्यमिक शिक्षा विभाग में शैक्षिक सत्र की समाप्ति के साथ ही संबंधित वर्ष में होने नियत सेवानिवृत्ति प्रभावी हो जाते हैं, साथ में अन्य कारणों से भी पद रिक्त हो सकते हैं।
भर्ती प्रक्रिया के लिए रिक्त पदों की समय से पहचान, आकलन और संबंधित भर्ती आयोग को अधियाचन उपलब्ध कराना आवश्यक है। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के रिक्त पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज को भेजा जाएगा।
वहीं, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के रिक्त पदों के लिए जिला विद्यालय निरीक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर रिक्तियों का विवरण तैयार किया जाएगा। इसके बाद इन पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि नई समय-सारणी लागू करने का उद्देश्य माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों को समय से भरा जा सके।
इसके साथ ही, भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आगे बढ़ाना है, ताकि विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित होने के साथ ही विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। निर्धारित समय-सीमा का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
