प्रोजेक्ट अलंकार: इटावा और गोरखपुर के 8 एडेड स्कूलों की बदलेगी सूरत, 3.99 करोड़ रुपये स्वीकृत
प्रोजेक्ट अलंकार के तहत इटावा और गोरखपुर के आठ अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के जीर्णोद्धार के लिए 3.99 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी मिली है।

इटावा और गोरखपुर के 8 एडेड स्कूलों की बदलेगी सूरत। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
प्रोजेक्ट अलंकार में 8 एडेड स्कूलों को मंजूरी।
इटावा और गोरखपुर के स्कूलों का जीर्णोद्धार होगा।
पहली किश्त में 1.59 करोड़ रुपये जारी किए गए।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत इटावा के एक और गोरखपुर के सात अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक (एडेड) विद्यालयों में भवनों के जीर्णोद्धार, मरम्मत, पुनर्निर्माण और अन्य अवस्थापना सुविधाओं का काम कराया जाएगा।
इसके लिए शासन से कुल लागत के 75 प्रतिशत के रूप में 3.99 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी मिल गई है। इसमें से पहली किश्त के रूप में 1.59 करोड़ रुपये जारी करने की स्वीकृति दी गई है। शासन की ओर से शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) को भेजे गए आदेश के अनुसार इन आठ विद्यालयों के कार्यों की कुल स्वीकृत लागत 5.32 करोड़ रुपये है।
नियमों के अनुसार इसका 75 प्रतिशत यानी 3.99 करोड़ रुपये राज्य बजट से दिया जाना है। पहली किश्त इस स्वीकृत 75 प्रतिशत राशि का 40 प्रतिशत है, जो करीब 1.59 करोड़ रुपये है।
इन विद्यालयों में इटावा के चौधरी जवाहर सिंह इंटर कालेज, सुतियानी, गोरखपुर के राष्ट्रीय इंटर कालेज, बौलिया रेलवे कालोनी, जेपी इंटर कालेज, कैंपियरगंज, राष्ट्रीय कन्या इंटर कालेज, महुआपार, इंदिरा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जसवंत बाजार, किसान इंटर कॉलेज, भूपगढ़, सर्वोदय किसान इंटर कालेज, कौड़ीराम, श्री ऋषिदेवदास इंटर कालेज, बांसगांव शामिल हैं।
