यूपी के औरैया समेत इन जिलों में बनेंगी 5 नई जेल, योगी सरकार ने जारी किया 514 करोड़ का बजट
योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में पांच नई जेलों के निर्माण के लिए 514 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी की है। इन जेलों से अगले वर्ष तक राज्य की जेलों में 3000 से अधिक बंदियों को रखने की क्षमता बढ़ जाएगी।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
योगी सरकार ने 5 नई जेलों के लिए 514 करोड़ जारी किए।
भदोही, कानपुर, मुरादाबाद, ललितपुर, औरैया में बनेंगी नई जेलें।
अगले वर्ष तक 3000 से अधिक बंदी क्षमता बढ़ेगी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अगले वर्ष तक राज्य की जेलों में तीन हजार से अधिक बंदियों को रखने की क्षमता बढ़ जाएगी। राज्य सरकार जेलों में बंदियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए पांच नई जेलों का निर्माण करा रही है। भदोही, कानपुर नगर, मुरादाबाद, ललितपुर व औराया में निर्मित होने वाली इन जेलों के निर्माण के लिए सरकार ने 514 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी कर दी है। साथ ही गृह विभाग को निर्देश दिए हैं कि अगले वर्ष तक जेलों का निर्माण पूरा करा कर इन्हें सक्रिय किया जाए।
पिछली तीन जून को हुई कैबिनेट की बैठक में राज्य में पांच नई जेलों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई थी। मुरादाबाद में 386.92 करोड़ रुपये की लागत से 97.15 एकड़ में दो हजार की क्षमता वाली जेल का निर्माण किया जाएगा। वर्तमान में मुरादाबाद जेल की क्षमता 906 बंदियों की है। ललितपुर में 225.06 करोड़ रुपये की लागत से 552 बंदियों की क्षमता वाली नई जेल का निर्माण किया जा रहा है।
1245 से बढ़कर 2030 बंदियों की हो जाएगी क्षमता
वर्तमान में ललितपुर जेल में बंदियों की क्षमता 257 की है। इसी प्रकार औरैया में 262.96 करोड़ रुपये की लागत से 60.07 एकड़ में 1056 बंदियों की क्षमता वाली जेल निर्मित की जाएगी। वहीं कानपुर नगर में 384.05 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई जेल में बंदियों की छमता 1245 से बढ़कर 2030 बंदियों की हो जाएगी। भदोही में 209.18 करोड़ रुपये से बनने वाली नई जेल की क्षमता 574 बंदियों की होगी। वर्तमान में भदोही जेल की क्षमता 163 बंदियों की है।
यह भी पढ़ें- एशियन गेम्स में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को बड़ा तोहफा, सरकारी नौकरी देगी योगी सरकार
सरकार ने इन जेलों का निर्माण अगले वर्ष तक पूरा कराने के लिए भदोही जिला जेल के लिए 73.21 करोड़ रुपये, कानपुर नगर की जेल के लिए 134.41 करोड़ रुपये, मुरादाबाद की जेल के लिए 135.42 करोड़ रुपये, ललितपुर की जेल के लिए 78.77 करोड़ और औरैया जेल के लिए 92.73 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी कर दी हैं। इन जेलों का निर्माण पूरा होने के बाद 3031 बंदियों की क्षमता में बढ़ोत्तरी होगी, जिससे जेलों का भार कम होगा।
यह है जेलों की वर्तमान स्थिति
- कुल जेल--75
- बंदियों की संख्या--80,854
- जेलों की क्षमता--77,588

