यूपी MLC की 11 सीटों पर 23 अक्टूबर को होगी वोटिंग, चुनाव की तैयारियों में जुटा इलेक्शन कमीशन
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों पर 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

विधान परिषद की 11 सीटों पर 23 को मतदान की तैयारियों में जुटा आयोग।
HighLights
23 अक्टूबर को विधान परिषद की 11 सीटों पर होगा चुनाव।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव तैयारियों की गहन समीक्षा की।
स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधान परिषद की खंड स्नातक की पांच और खंड शिक्षक की छह निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों पर 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने गुरुवार को रिटर्निंग ऑफिसर (मंडलायुक्त) और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (जिलाधिकारी) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएं। निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में मतदाता सूची, मतदान स्थलों, मतदान कार्मिकों, निर्वाचन सामग्री और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
रिणवा ने सभी संबंधित अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कार्मिकों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहते हुए पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य करने को कहा गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं में विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
कहा कि मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आवश्यक सुरक्षा प्रबंध भी सुनिश्चित किए जाएं, ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी अखंड प्रताप सिंह और उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह भी मौजूद रहे।
