यूपी में 1625 शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की भर्ती का रास्ता साफ, जल्द शुरू होगी प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश के 126 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में 1625 प्रधानाचार्य, शिक्षकों और 185 कनिष्ठ सहायकों के नियमित पदों को मंजूरी मिल गई है। ...और पढ़ें

HighLights
126 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में 1625 पदों को मिली मंजूरी।
प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता, सहायक अध्यापक, कनिष्ठ सहायक पद सृजित।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग से होगी सीधी भर्ती प्रक्रिया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत नवनिर्मित और उच्चीकृत 126 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में नियमित पद सृजित करने की स्वीकृति मिल गई है। इनमें 68 राजकीय इंटर कालेज और 58 राजकीय हाईस्कूल शामिल हैं।
इन विद्यालयों के संचालन के लिए प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता, सहायक अध्यापक (एलटी) के 1625 और कनिष्ठ सहायक के 185 नियमित पद होंगे।
इससे इन विद्यालयों में शिक्षकों व कर्मचारियों की तैनाती का रास्ता साफ हो गया है। अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक को इस संबंध में समयबद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
कक्षा छह से 12 तक संचालित होने वाले 59 राजकीय इंटर कॉलेज में प्रत्येक विद्यालय के लिए एक प्रधानाचार्य, 10 प्रवक्ता, सात सहायक अध्यापक (एलटी) और दो कनिष्ठ सहायक के पद स्वीकृत किए गए हैं। इस प्रकार इन विद्यालयों में कुल 59 प्रधानाचार्य, 590 प्रवक्ता, 413 सहायक अध्यापक (एलटी) और 118 कनिष्ठ सहायक के पद होंगे।
प्रवक्ताओं के पद हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, कंप्यूटर, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान विषयों के हैं। इनमें 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती और 50 प्रतिशत पद पदोन्नति से भरे जाएंगे।
सीधी भर्ती उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के माध्यम से होगी। सहायक अध्यापक (एलटी) के सभी पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे। कनिष्ठ सहायकों की भर्ती सीधी भर्ती/उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से होगी।
नौ उच्चीकृत इंटर कॉलेज में पद
कक्षा 11-12 के लिए उच्चीकृत नौ राजकीय इंटर कॉलेज में नौ प्रधानाचार्य, 90 प्रवक्ता और नौ कनिष्ठ सहायक के पद सृजित किए गए हैं। प्रवक्ता पद हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, कंप्यूटर, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान विषयों के होंगे।
प्रधानाचार्य व प्रवक्ता पदों पर भर्ती निर्धारित सेवा नियमों के अनुसार होगी। प्रधानाचार्य के 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती और 50 प्रतिशत पद पदोन्नति से भरे जाएंगे। प्रवक्ता के भी 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती और 50 प्रतिशत पदोन्नति से भरे जाएंगे।
58 हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक के 58 और एलटी ग्रेड शिक्षक के 406 पद
57 उच्चीकृत कक्षा नौ-10 के राजकीय हाईस्कूलों और एक नए राजकीय हाईस्कूल (कुल 58 विद्यालय) में प्रत्येक में एक प्रधानाध्यापक, सात सहायक अध्यापक (एलटी) और एक कनिष्ठ सहायक का पद स्वीकृत हुआ है। इस तरह इनमें कुल 58 प्रधानाध्यापक, 406 सहायक अध्यापक (एलटी) और 58 कनिष्ठ सहायक के पद होंगे।
खबरें और भी
प्रधानाध्यापक के सभी पद पदोन्नति से भरे जाएंगे। इसके लिए 45 प्रतिशत पद प्रवक्ता संवर्ग और 55 प्रतिशत पद सहायक अध्यापक संवर्ग से पदोन्नति के माध्यम से चयन समिति द्वारा भरे जाएंगे। सहायक अध्यापक एलटी के सभी पद सीधी भर्ती से यूपीपीएससी के माध्यम से भरे जाएंगे।
एलटी के पदों पर हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत और कंप्यूटर विषयों के शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे। कनिष्ठ सहायक पद के लिए इंटरमीडिएट, सीसीसी प्रमाणपत्र तथा हिंदी और अंग्रेजी टंकण निर्धारित है।