Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्य सचिव ने की समीक्षा, हर घर तिरंगा अभियान में यूपी को नंबर वन बनाने का लक्ष्य

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 02:45 AM (GMT+05:30)

    मुख्य सचिव एसपी गोयल ने 'हर घर तिरंगा' अभियान की समीक्षा की, जिसमें उत्तर प्रदेश को देश में प्रथम स्थान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. हर घर तिरंगा अभियान में यूपी को प्रथम स्थान दिलाना लक्ष्य।

    2. 14-15 अगस्त को सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान अनिवार्य।

    3. लंबित राजस्व वादों के निस्तारण को तीन माह का अभियान।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राष्ट्रीय पर्वों की तैयारियों एवं योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट को लेकर मुख्य सचिव एसपी गोयल ने में बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा देश के गौरवशाली इतिहास से जन-जन को जोड़ने का व्यापक जनआंदोलन है।

    इस कार्य में एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, मंगल दल, सिविल डिफेंस सहित विभिन्न संगठनों का सहयोग लिया जाए। जिलाधिकारियों से कहा कि ''सेल्फी विद तिरंगा'' अभियान के तहत अधिकाधिक लोगों से ''हर घर तिरंगा'' पोर्टल पर सेल्फी अपलोड कराई जाए, ताकि उत्तर प्रदेश गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर सके।

    मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि नौ अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस तथा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रम पूरे सम्मान, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के साथ आयोजित किए जाएं। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर लखनऊ में मौन जुलूस के साथ प्रदर्शनी, लघु फिल्म प्रदर्शन एवं नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा।

    14 एवं 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण सुनिश्चित किया जाएगा। ध्वज फहराने की विधि एवं आवश्यक सावधानियों से संबंधित जागरूकता वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए।

    खबरें और भी

    नौ अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस के अवसर पर यूथ कनेक्ट तिरंगा रैली, वीरों को नमन कार्यक्रम, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान, तिरंगा प्रदर्शनी, सेल्फी प्वाइंट तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

    घंटाघर चौक, 1090 चौराहा, हजरतगंज, जनेश्वर मिश्र पार्क, एमरल्ड मॉल एवं लूलू माल सहित विभिन्न स्थानों पर तिरंगा संगीत समारोह (कन्सर्ट) का आयोजन प्रस्तावित है।

    उधर, पंचायतीराज विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिन जनपदों में डिजिटल लाइब्रेरी के लिए फर्नीचर एवं पुस्तकों की आपूर्ति शेष है, वहां संबंधित वेंडरों से समन्वय स्थापित कर तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। कहा कि आपूर्ति पूर्ण होने के बाद लंबित भुगतानों का भी समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

    व्यक्तिगत घरेलू शौचालय (आईएचएचएल) निर्माण तथा सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट (एसएलडब्ल्यूएम) के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने पंचायत उत्सव भवन निर्माण के संबंध में शेष 11 जनपदों, देवरिया, गोण्डा, हापुड़, हाथरस, जौनपुर, कौशाम्बी, मैनपुरी, मऊ, मुरादाबाद, संतकबीरनगर एवं सीतापुरको कम से कम एक प्रस्ताव तत्काल विभाग को भेजने के निर्देश दिए। पांच वर्ष अथवा उससे अधिक समय से लंबित राजस्व वादों के निस्तारण के लिए तीन माह का अभियान चलाने के लिए कहा।

    बैठक में अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा, अपर मुख्य सचिव संस्कृति अमृत अभिजात, प्रमुख सचिव पंचायतीराज अनिल कुमार, प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव, प्रमुख सचिव राजस्व अपर्णा यू., सचिव मुख्यमंत्री सूर्यपाल गंगवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।