यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 02, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अनुभव और ऊर्जा का भंडार हैं हमारे बुजुर्ग, उम्रदराज कंधे पर सोच जवां
अनुभव का सम्मान: दैनिक जागरण कार्यालय में कुछ पल बीते ऊर्जावान वरिष्ठों संग। एक्सपर्ट के बीच बुजुर्गों ने दिल खोलकर की बात, जो हम आपको बता रहे हैं।

लखनऊ (जेएनएन)। हमारे बुजुर्ग अनुभव का खजाना, ऊर्जा का भंडार और परिवार का आधार हैं। अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर दैनिक जागरण कार्यालय में ऐसे ही ऊर्जावान शक्तिपुंजों संग कुछ पल बीते। इनका अंदाज चेहरे की झुर्रियों को मात देता लगा। कमजोर काया में अजब की शक्ति छिपी नजर आई। इनका जज्बा उम्र की बंदिश को तोड़ता दिखा। कंधे जरूर उम्रदराज हो चुके हैं पर सोच जवां है।
आधी उम्र अपने और परिवार के लिए लगाने के बाद इनमें से अधिकतर अब समाज सेवा के पथ पर अग्रसर हैं। इनमें से कुछ स्वस्थ और सुशिक्षित समाज के वाहक बने हैं। वहीं, कुछ पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रयासरत हैं। कुछ ऐसे भी रहे जिनका जोर सुरों और लेखनी से संस्कृति की ओर है। विभिन्न क्षेत्रों के एक्सपर्ट के बीच बुजुर्गों ने दिल खोलकर बात की। समाज के लिए अपने योगदान को साझा करने के साथ ही अपनी समस्याएं भी रखीं।
कुछ पल बैठा करो बुजुर्गों के पास, हर चीज गूगल पर नहीं मिलती...।।
सुनने वाले लोग मिले तो वरिष्ठ नागरिकों ने अपने ही अंदाज में अपने जज्बात बयां किए। अपने लिए सुविधाओं की मांग भी की। कोई धीर-गंभीर तो किसी ने शेरों-शायरी की। जीते-जीते रक्तदान, जाते-जाते नेत्रदान... की जागरूकता भरी आवाज भी बुलंद हुई। सक्रिय रहने की अपील के साथ आपसी प्रेम का संदेश भी दिया गया। पौधरोपण के लिए प्रेरित भी किया। लोक गीत के सुर भी सजे। बुजुर्गों की सहायता संबंधी नंबरों की साझेदारी भी हुई। बढ़ती उम्र के साथ होने वाली तमाम दिक्कतों और दुनियावी तकलीफों को दरकिनार कर सभी बुजुर्गों ने एक सुर में कहा...हम रिटायर्ड (सेवानिवृत्त) तो हैं पर टायर्ड (थका हुआ) नहीं...।
एक्सपर्ट की बात:
# वरिष्ठ लोक गायिका प्रो. कमला श्रीवास्तव ने कविता पढ़ी...
हमको बूढ़ा मत कहना बाकी सब जिंदगानी है,
बूढ़ों को बूढ़ा कहना ये तो सबकी नादानी है।।
उम्र हमारी बीत गई पर बुलंद हौसला रखते हैं
कर्मठता से कर्म करें मेहनत का दावा करते हैं
हमने भी तो दुनिया में कुछ करने की ठानी है।।
उम्र को हमने जीता है बस वक्त हमारा बीता है
अपने नेक इरादों से हमने सबका दिल जीता है
अपने घर और देश की खातिर कर सकते कुर्बानी हैं।।
जिंदादिल है धाम हमारा मकसद खुशियां बांटना
गलती गर छोटे करें बस उनको थोड़ा डांटना
डांट डपट में प्यार भरा है, मन गंगा का पानी है...।।

# केजीएमयू के हेड जीरियाट्रिक मेडिसीन डॉ. कौसर उस्मान का कहना-
उम्र के साथ होने वाली बुजुर्गों की समस्याओं के निदान के लिए प्रशिक्षित हाथों को बढ़ाए जाने की जरूरत है। केवल चार कॉलेज हैं, जहां एमडी जीरियाट्रिक है। सुविधाओं की समस्या है। बुजुर्गों को कई समस्याएं होती हैं। किसी को सुनने तो किसी को चलने-फिरने की दिक्कत है। मेडिकल से ज्यादा उनके साथ आर्थिक और सामाजिक समस्या है। घर के बुजुर्गों को समय दें। उन्हें अकेला न छोड़ें। उनकी बात सुनें। कई दिक्कतें तो उन्हें अपनापन देने से ही दूर हो जाती हैं। जीरियाट्रिक विभाग, केजीएमयू में हर गुरुवार ओपीडी होती है।
# एडिशनल सीएमओ आरके चौधरी ने बताया-
वरिष्ठ नागरिकों के लिए बलरामपुर अस्पताल में दस बेड का वार्ड बनाया गया है। नॉन कम्युनिकेबल डिजीज के लिए भी अलग व्यवस्था है। वहीं कुछ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी बुजुर्गों के लिए सुविधाएं हैं, इनकी संख्या भी बढ़ाई जानी है। समय-समय पर हेल्थ कैंप भी करते रहते हैं। 10 अक्टूबर को आरएलबी, राजाजीपुरम में स्वास्थ्य कैंप का आयोजन किया गया है। वरिष्ठ जन लाभ उठा सकते हैं। वहीं कुछ अस्पतालों में बुजुर्गों के लिए अलग काउंटर की भी व्यवस्था की गई है। उन्हें लाइन में लगकर परेशान होने की जरूरत नहीं होती।
# जिला उपभोक्ता फोरम न्यायिक सदस्य राजर्षि शुक्ल के मुताबिक -
मैंने अपने प्रयासों से जिला उपभोक्ता फोरम में बुजुर्गों और दिव्यांगों की मदद के लिए युवाओं का एक पैनल तैयार किया है। बुजुर्ग किसी भी सेवा से जुड़ी शिकायत फोरम में कर सकते हैं। उपभोक्ता अदालत में वरिष्ठों को न्याय के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। मेरे द्वारा गठित पैनल का लाभ उठाएं। मकान, एलडीए, आवास विकास, रेलवे, हवाई जहाज, बैंक, अस्पताल, बिल्डर्स, होटल, रेस्टोरेंट और शेयर आदि किसी भी सेवा से शिकायत की सुनवाई जरूर होगी। न्याय भी मिलेगा। मेरे नंबर 7839470477 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
# गर्वमेंट पेंशनर्स वेलफेयर आर्गेनाइजेशन से रिटायर्ड आइएएस एवं अध्यक्ष आरएन त्रिपाठी का कहना है-
कि पेंशनधारकों को कोषागार आकर जीवित प्रमाण पत्र देने की जरूरत नहीं है। जो चलने-फिरने में असमर्थ और कमजोर हैं। कोषागार से कर्मचारी खुद उनके घर जाकर सत्यापन करेगा। पेंशन संबंधी कोई भी समस्या होने पर मेरे नंबर 9450964510 पर संपर्क कर सकते हैं।
# वरिष्ठ नागरिक सेल राममिलन यादव, प्रभारी ने बताया-
एसएसपी कार्यालय में गठित वरिष्ठ नागरिक सेल बुजुर्गों की मदद के लिए 24 घंटे तैयार है। 9454403882 पर कॉल कर मदद ले सकते हैं।
मदद के लिए हैं तैयार हम...
- हेल्पेज इंडिया : 1800-180-1253
- जीके सेठ (नेत्रदान के लिए संपर्क) : 7499426557
- चंद्र किशोर रस्तोगी, संस्थापक हरिओम सेवा केंद्र : 9335245553
