विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

19 अगस्त से बदल जाएगा लखनऊ-नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस का नाम, रेलवे का बड़ा फैसला

Published: Sun, 16 Aug 2026 08:50 PM (IST)Updated: Sun, 16 Aug 2026 09:51 PM (IST)

भारतीय रेलवे आय बढ़ाने के लिए लखनऊ-नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस का नाम बदलने जा रहा है। 19 अगस्त से नई व्यवस्था लागू होगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. तेजस एक्सप्रेस का नाम बदलकर स्प्राइट तेजस एक्सप्रेस हुआ।

  2. यह बदलाव 19 अगस्त से तीन महीने के लिए लागू।

  3. रेलवे ने आय बढ़ाने के लिए ब्रांडिंग अधिकार दिए।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। यदि आप रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर खड़ी अपनी ट्रेन के आने का इंतजार कर रहे हैं और आपकी ट्रेन के साथ किसी ब्रांड के नाम की उदघोषणा की जा रही हो तो आश्चर्य में नहीं होगा। रेलवे ने अपनी ट्रेनों के नाम के साथ किसी ब्रांड के नाम को जोड़ने की शुरुआत कर दी है। शीतलपेय कंपनी स्प्राइट से तीन माह का अनुबंध किया गया है। अब ट्रेन का नाम स्प्राइट तेजस होगा।

कॉरपोरेट सेक्टर की देश की पहली ट्रेन तेजस एक्सप्रेस का नाम 19 अगस्त से तीन महीने के लिए रिजर्वेशन से लेकर रास्ते में पड़ने वाले सभी स्टेशनों पर एनाउंसमेंट तक बदल जाएगा। इस ट्रेन के नाम में ही ब्रांड का नाम जोड़ दिया जाएगा। यह प्रयोग सफल रहा तो इसे अन्य दूसरी ट्रेनों में भी लागू किया जाएगा।

दरअसल रेलवे में आय बढ़ाने के लिए ब्रांडिंग अधिकार देने की योजना पहले से चल रही है। इस योजना के तहत कंपनियां अपने उत्पाद की विनायल रैपिंग (बोगियों के बाहर कंपनी के स्टीकर लगाना) कर अपना प्रचार तो कर पा रही थीं, लेकिन रेलवे के सिस्टम पर ट्रेनें अपने मूल नाम से ही दौड़ रहीं थी।

19 अगस्त से लागू होगी व्यवस्था

रेलवे का दावा है कि पहली बार ब्रांडिंग का अधिकार लेने वाली कंपनी को ट्रेन के साथ अपना नाम का उपयोग करने का मौका मिलेगा। रेल आरक्षण कराते समय आरक्षित टिकट उसी ब्रांड व ट्रेन के नाम से बुक हो सकेंगे। दिल्ली मेट्रो की तरह रेलवे स्टेशनों पर एनाउंसमेंट भी ब्रांड व ट्रेन के नाम को जोड़कर होगा। रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक लखनऊ-नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस का नाम 3 महीने के लिए बदलकर स्प्राइट तेजस एक्सप्रेस किया जाएगा।

भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी ) ने पिछले दिनों ही ट्रेन की ब्रांडिंग के विज्ञापन अधिकार स्प्राइट कंपनी को दिए हैं। ट्रेन नंबर 82501 और 82502 को 19 अगस्त से 11 नवंबर तक स्प्राइट तेजस एक्सप्रेस के नाम से घोषित किया जाएगा।

आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि तेजस एक्सप्रेस की ब्रांडिंग के अधिकार एक कंपनी को दिए गए हैं। इसका नाम ब्रांड के नाम से जोड़कर रखा जाएगा। फिलहाल यह व्यवस्था 19 अगस्त से लागू हो रही है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ के रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य जारी, रायबरेली से छह ट्रेनें 13 तक नहीं जाएंगी चारबाग