मंगेतर रिंकू सिंह का हौसला बढ़ाने लखनऊ के इकाना स्टेडियम पहुंची सांसद प्रिया सरोज, KKR की जीत के बाद हुईं भावुक
KKR Beats LSG: सांसद प्रिया सरोज ने रिंकू सिंह की पारी की बदौलत केकेआर की जीत अपने दिवंगत ससुर को समर्पित किया।

समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की मौजूदगी केकेआर के लिए बेहद यादगार रही।
HighLights
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की दोनों पुत्रियों के साथ पहुंची थीं मैच देखने
ससुर को याद कर सांसद प्रिया सरोज हो गईं बेहद भावुक
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले सुपर ओवर तक पहुंचे मैच में समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की मौजूदगी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए बेहद यादगार रही। सांसद प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की दोनों पुत्रियों और अपने रिश्तेदार के साथ मैच देखने पहुंची थीं।
मंगेतर रिंकू सिंह का हौसला बढ़ाने पहुंची प्रिया सरोज ने केकेआर के लिए पारी के अंतिम ओवर में रिंकू सिंह के चार छक्के पर अपने जज्बात को प्रकट किया। इसके बाद सुपर ओवर में टीम की जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करने के दौरान अपने ससुर को याद कर वो बेहद भावुक हो गईं। स्टैंड में उन्होंने रिंकू सिंह की पारी की बदौलत केकेआर की जीत अपने दिवंगत ससुर को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान मेरे ससुर होते तो बहुत खुश होते।
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में रविवार तो सुपर संडे बन गया। सुपर ओवर में केकेआर की लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) पर जीत से अधिक चर्चा रिंकू सिंह की मंगेतर सांसद प्रिया सरोज के भावुक हो जाने की थी। खुशी में उनके इमोशनल रिएक्शन ने क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। मैन आफ द मैच रिंकू सिंह की पारी को प्रिया सरोज ने दिवंगत ससुर को समर्पित किया। इस मैच में रिंकू सिंह ने 83 नाबाद पारी खेलने के साथ पांच कैच भी पकड़े।
प्रिया सरोज का वीडियो वायरल
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में प्रिया सरोज स्टैंड में केकेआर टीम का झंडा लहराती नजर आईं। इसमें प्रिया सरोज का प्यार, दर्द और गर्व एक साथ नजर आया। सोशल मीडिया पर फैन्स ने इसे केकेआर का दिल बताया और रिंकू को भविष्य का कप्तान तक कह दिया। इस मैच ने साबित कर दिया कि क्रिकेट सिर्फ आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि भावनाओं का भी नाम है।
प्रिया सरोज ने रिंकू सिंह की मैच जिताऊ पारी को अपने दिवंगत ससुर को समर्पित किया। प्रिया ने कहा कि हम बहुत खुश हैं, आज जो उन्होंने पारी खेली है, वो हमारे स्वर्गीय ससुर के लिए है।
यह भी पढ़ें- क्रिकेटर रिंकू व सांसद प्रिया सरोज ने साझा की लव स्टोरी: पहली मुलाकात के लिए लेट पहुंचने पर Rinku ने खाई थी डांट
हम आज उनको बहुत मिस कर रहे हैं और यह उनके लिए ही है। जब प्रिया सरोज से पूछा गया कि आप रिंकू सिंह के लिए बहुत लकी हैं तो उन्होंने कहा कि मैं तो रिंकू सिंह के लिए बहुत भाग्यशाली हूं, लेकिन और भी काफी लोग हैं, जो उनके लिए भाग्यशाली हैं।
केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 93 रन पर सात विकेट के बाद रिंकू सिंह की 51 गेंदों में नाबाद 83 रन की पारी की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 155 रन का स्कोर खड़ा किया। रिंकू सिंह ने पारी के 20वें ओवर में राठी की गेंदों पर लगातार चार छक्के मारे। इससे पहले वह यश दयाल के एक ओवर में लगातार पांच छक्के लगाकर चर्चा में आए थे। लखनऊ की टीम भी नौ विकेट पर इतने ही रन बना सकी और मैच टाई हुआ, जिसके विजेता का फैसला सुपर ओवर में हुआ।
We’re not smiling… you are 🤭 pic.twitter.com/CIuVcDDUTW
— KolkataKnightRiders (@KKRiders) April 27, 2026
