UP में नीब करौरी बाबा के नाम पर बनेगा स्पिरिचुअल सर्किट, वृंदावन-फिरोजाबाद सहित इन जगहों के लिए टूर पैकेज शुरू
पर्यटन विभाग ने बाबा नीब करौरी के महासमाधि दिवस के उपलक्ष्य में 'नीब करौरी बाबा सर्किट' विकसित किया है। इस ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
पर्यटन विभाग ने 'नीब करौरी बाबा सर्किट' विकसित किया।
यूपीएसटीडीसी ने पांच विशेष टूर पैकेज शुरू किए।
फर्रुखाबाद, वृंदावन, फिरोजाबाद, लखनऊ के स्थल शामिल।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बाबा नीब करौरी के महासमाधि दिवस (11 सितंबर) के उपलक्ष में पर्यटन विभाग ने बड़ी पहल की है। बाबा के जीवन से जुड़े प्रमुख स्थलों को जोड़कर ‘नीब करौरी बाबा सर्किट’ विकसित किया जा रहा है। इस पर्यटन सर्किट में फर्रुखाबाद स्थित नीब करौरी बाबा आश्रम धाम मंदिर, वृंदावन का समाधि मंदिर, फिरोजाबाद का अकबरपुर गांव और लखनऊ का हनुमान सेतु मंदिर शामिल किया गया है।
इस सर्किट के भ्रमण के लिए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने पांच विशेष टूर पैकेज (भ्रमण कार्यक्रम) शुरू किए हैं। दो, तीन और पांच दिन के इन पैकेजों का संचालन पर्यटकों की मांग के अनुसार दिल्ली और लखनऊ से होगा।
फिरोजाबाद का अकबरपुर है जन्मस्थली
पर्यटन विभाग के अनुसार फर्रुखाबाद आश्रम में बाबा के करीब 12 वर्ष भूमिगत गुफा में साधना करने की मान्यता है। जबकि वृंदावन में वर्ष 1973 में बाबा ने महासमाधि ली थी। फिरोजाबाद का अकबरपुर उनकी जन्मस्थली है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले बाबा से जुड़े स्थलों पर ध्यान नहीं दिया गया था।
यह भी पढ़ें- लखनऊ से शुरू होगी गोवा समेत देश के इन शहरों के लिए विमान सेवा, टाइम टेबल में भी होगा बदलाव
सरकार अब उनकी विरासत के संरक्षण और व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का काम कर रही है। इसके लिए ही पर्यटन सर्किट विकसित किया जा रहा है और संबंधित स्थलों पर पर्यटन सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
अकबर में 10.87 करोड़ रुपये से बहुद्देशीय सभागार, सांस्कृतिक ब्लाक, बाबा के जीवन पर प्रदर्शनी हाल, कैफेटेरिया, शौचालय, 60 लोगों की डारमेट्री, पत्थर के रास्तों का निर्माण आदि काम कराए गए हैं, इसमें से दूसरे फेज का काम दिसंबर तक पूरा होना है।
यह भी पढ़ें- 100-200 नहीं; 4500 साल पुरानी हैं मांडी में मिलीं 3000 स्वर्ण मुद्राएं, गंगा घाटी सभ्यता के मिले ऐतिहासिक प्रमाण
साथ में 55.44 लाख रुपये की ग्रामीण पर्यटन परियोजना भी स्वीकृत की गई है। वहीं फर्रुखाबाद आश्रम के विकास को 1.51 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। अपर मुख्य सचिव एवं महानिदेशक पर्यटन अमृत अभिजात ने बताया कि इस सर्किट के टूर पैकेज की जानकारी के लिए 9149099890 या यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट upstdc.co.in पर संपर्क किया जा सकता है।
