National Sports Day : मेजर ध्यान चंद की जयंती पर मुख्यमंत्री बोले-हर खिलाड़ी समाज का हीरो, देता है राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा
National Sports Day मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर नागरिक को एक खिलाड़ी की तरह अपने राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव से आगे बढ़ने खेल जीवन के अनुशासन को बनाए रखने समन्वय स्थापित करने और जीवन में उत्कृष्टता के लक्ष्य को प्राप्त करने के प्रयासों का हिस्सा होना चाहिए।

HighLights
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उनकी स्मृतियों को किया नमन
- समन्वय और टीमवर्क प्रज्जवलित करता है राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना
- प्रदेश सरकार कर रही ग्राम पंचायत से जनपद स्तर तक खेल अवसंरचना का विस्तार
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त पर शुक्रवार को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद जी को नमन किया। पद्मश्री मोहम्मद शाहिद स्टेडियम, गोमती नगर में उन्होंने खिलाड़ियों को सम्मानित करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि हर खिलाड़ी अपने आप में समाज के लिए एक हीरो होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर नागरिक को एक खिलाड़ी की तरह अपने राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव से आगे बढ़ने, खेल जीवन के अनुशासन को बनाए रखने, समन्वय स्थापित करने और जीवन में उत्कृष्टता के लक्ष्य को प्राप्त करने के प्रयासों का हिस्सा होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने पूर्व ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों सहित नेशनल गेम्स में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनपदों में खेल अवस्थापना सुविधाओं के निर्माण का लोकार्पण भी किया।
मेजर ध्यान चंद को नमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मेजर ध्यानचंद जी की बात आती है तो हर भारतीय के मन में हॉकी की स्टिक नजर आने लगती है। 1928, 1932 और 1936 तीन ओलंपिक में स्वर्ण पदक दिलाकर उन्होंने भारत की हॉकी को वैश्विक पहचान दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का सबसे प्रतिष्ठित खेल रत्न पुरस्कार किसी नेता नहीं, बल्कि मेजर ध्यानचंद के नाम पर समर्पित किया गया। उत्तर प्रदेश के लिए यह इसलिए भी गौरव की बात है क्योंकि यह मेजर ध्यान चंद की जन्मभूमि और कर्मभूमि है। उनकी स्मृति में मेरठ में प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का नामकरण मेजर ध्यानचंद जी के नाम पर किया गया है और इस सत्र से वहां पाठ्यक्रम प्रारंभ हो गया है।
खेलों में नई क्रांति की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने हॉकी के बारे में कहा कि यह खेल कितना फास्ट है, कितनी ऊर्जा और टीमवर्क मांगता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया से फिट इंडिया मूवमेंट तक, सांसद एवं विधायक स्तर की प्रतियोगिताओं तक, देश में खेलों की एक नई क्रांति आई है। प्रदेश सरकार ने नई खेल नीति लागू की है, जिससे खिलाड़ियों को मंच, कोच और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध हो रहा है।
यह भी पढ़ें- National Sports Day : सीएम योगी आदित्यनाथ ने हॉकी के दिग्गजों के योगदान को सराहा और फिटनेस की दिलाई शपथ
ग्राम से जनपद तक खेल ढांचा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर कमिश्नरी में एक स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की जा रही है। विभिन्न खेलों के लिए इन कॉलेजों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जाएंगे। पूर्व ओलंपियन/कॉमनवेल्थ/एशियाड/नेशनल गेम्स मेडलिस्टों को कोच बनाकर नई प्रतिभाओं को तराशा जाएगा।
यह भी पढ़ें- Khel Diwas : खेल दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की घोषणा, UP के सभी मंडल में खुलेंगे स्पोर्ट्स कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर ग्राम पंचायत में खेल का मैदान, हर विकासखंड पर मिनी स्टेडियम और हर जनपद में एक स्टेडियम निर्माण की कार्यवाही युद्धस्तर पर जारी है। ओपन जिम के निर्माण व युवा कल्याण विभाग के माध्यम से युवक मंगल दल और महिला मंगल दल को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराई जा रही हैं।

