पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर मायावती ने सरकार को घेरा, तूफान प्रभावित परिवारों के लिए मांगी मदद
बसपा प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश सरकार से हाल ही में आए तूफान से प्रभावित परिवारों की मदद करने की अपील की है, जिसमें 104 लोगों की जान गई थी। ...और पढ़ें

पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर मायावती ने सरकार को घेरा, तूफान प्रभावित परिवारों के लिए मांगी मदद

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार से राज्य में हाल ही में आए भीषण तूफान से प्रभावित परिवारों की मदद करने में पूरी उदारत दिखाने की अपील की है। इस तूफान में कम से कम 104 लोगों की जान चली गई है।
इसके साथ ही उन्होंने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हाल ही में हुई बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चेतावनी दी कि लगातार बढ़ती महंगाई गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बर्बाद कर रही है।
उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'अभी हाल ही में उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में ज़बरदस्त आंधी-तूफान से हुई जान-माल की भारी तबाही से प्रभावित लोगों/परिवारों की मदद के लिए राज्य सरकार को अपनी पूरी उदारता बरतते हुए हर प्रकार से उनके सहयोग के लिये आगे आना चाहिये ताकि वे लोग अपने उजड़े/बिखरे हुए पारिवारिक जीवन को समेट कर दोबारा से अपनी ज़िन्दगी शुरू कर सकें।
इसके साथ ही, खासकर पेट्रोलियम पदार्थों आदि, इन आवश्यक वस्तुओं के मूल्य में अनवरत वृद्धि को जारी रखते हुए केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल व डीज़ल आदि की क़ीमत में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि करोड़ों ग़रीबों व मेहनतकश परिवारों, खेती-किसानी आदि के साथ-साथ मिडिल क्लास के जीवन को भी बुरी तरह से प्रभावित करेगा, अर्थात् इस महंगाई का सीधा असर इन सबके परिवार के पालन-पोषण पर पड़ेगा।
इसलिए सरकार को महंगाई व जीवन दुष्कर करने वाली इस प्रकार की नियमित वृद्धि को कम करने के लिए ज़रूरी सार्थक कदम उठाने चाहिये, यही समय की मांग है।'
खबरें और भी

बता दें कि हाल में आए भारी तूफान ने पूरे प्रदेश में भारी तबाही मचाई थी। इस आंधी तूफान ने करीब 104 लोगों की जान ली थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले ही राज्य के अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि वे हाल ही में आए तूफान और बिजली गिरने के पीड़ितों को तुरंत मदद पहुंचाएं।
मुख्यमंत्री ने पिछले 24 घंटों में हुए जान-माल के नुकसान की रिपोर्ट मिलने के बाद तुरंत मुआवजा जारी करने का आदेश दिया है।
यह भी पढ़ें- 'भाषा और व्यवहार के प्रति सतर्क रहें सपाई'. अखिलेश ने आपत्तिजनक बयान पर पार्टी नेताओं को दी कड़ी चेतावनी