लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर पहला हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जो हेलमेट नहीं पहने थे। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन से बाइक सवारों की टक्कर।
लोकार्पण के बाद एक्सप्रेसवे पर यह पहली घातक दुर्घटना।
प्रतिबंध के बावजूद दोपहिया वाहन एक्सप्रेसवे पर दौड़ रहे।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर बुधवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों हेलमेट नहीं पहने थे। तीन दिन पहले लोकार्पण के बाद इस एक्सप्रेसवे पर यह पहली दुर्घटना है।
एक्सप्रेसवे पर दो पहिया व तीन पहिया वाहनों पर रोक के बाद भी निगरानी तंत्र निष्क्रिय होने के कारण धड़ल्ले से बाइक, ई-रिक्शा व ऑटो दौड़ रहे हैं। उन्नाव के अर्जुनामऊ निवासी हिमांशु सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह साथी के साथ बुधवार शाम पांच बजे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर दारोगाखेड़ा से बाइक से चढ़े।
एक्सप्रेसवे पर 20.5 किमी दूर पहुंचे ही थे कि किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक समेत दोनों दूर जा गिरे। बंथरा थाने के उपनिरीक्षक गोपाल वर्मा ने बताया कि दोनों को इलाज के लिए सरोजनीनगर सीएचसी भेजा गया, जहां 25 वर्षीय हिमांशु को मृत घोषित कर दिया गया।
गंभीर हालत में हरदोई के संडीला निवासी 24 वर्षीय शैलेंद्र सिंह को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। टक्कर किस वाहन से हुई? यह भी पता नहीं चल सका है।
पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है। हादसे के बाद प्रश्न उठ रहा है कि जब इस मार्ग पर बाइक और तीन पहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित है, तो ये कैसे उस पर जा रहे हैं? टोलकर्मी इन्हें जाने कैसे दे रहे हैं। एक्सप्रेसवे शुभारंभ के पहले ही दिन बड़ी संख्या में बाइक, स्कूटी के साथ ई-रिक्शा सवार फर्राटा भर रहे थे। दारोगाखेड़ा के पास एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के लिए कोई रोक-टोक नहीं है।