विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ के गोसाईंगंज और मोहनलालगंज में बनेंगे युवा केंद्र, मिलेगा कौशल विकास और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

Published: Tue, 08 Sep 2026 11:18 PM (IST)

लखनऊ के गोसाईंगंज और मोहनलालगंज में युवा केंद्र बनेंगे, जहां युवाओं को कौशल विकास, उद्यमिता और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण मिलेगा।

बन कर तैयार हो रहे युवा केंद्र।

बन कर तैयार हो रहे युवा केंद्र।

पुलक त्रिपाठी, लखनऊ। युवाओं को खेल, फिटनेस और मनोरंजन तक सीमित रखने के बजाय उनके व्यक्तित्व विकास, कौशल, उद्यमिता और आपदा प्रबंधन से जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए प्रदेश के 50 विकासखंडों में प्रथम चरण में युवा केंद्र संचालित किए जाएंगे। लखनऊ में गोसाईगंज और मोहनलालगंज विकासखंड को इसके लिए चुना गया है।

दोनों केंद्रों के लिए चार-चार लाख रुपये यानी कुल आठ लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इससे संबंधित सभी सामग्री केंद्रों पर पहुंच गईं हैं। अक्टूबर से इसकी शुरुआत हो जाएगी।

युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल महानिदेशालय की ओर से जारी आदेश में, विकासखंड स्तर पर इन केंद्रों को युवाओं और मंगल दलों के लिए नोडल केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। केंद्रों पर कंप्यूटर, प्रिंटर, फर्नीचर, लाइब्रेरी और इंटरनेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

युवा केंद्रों के माध्यम से विकासखंड के मंगल दलों का ओरिएंटेशन और प्रशिक्षण कराया जाएगा। प्रत्येक माह दो ओरिएंटेशन या कार्यशाला आयोजित करने की योजना है।

इसका उद्देश्य युवाओं को सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार करना है। लंबे समय तक गतिविधियां न होने से निष्क्रिय होने वाले मंगल दलों को भी इन केंद्रों से जोड़कर सक्रिय रखा जाएगा।

आपदा से निपटने की भी मिलेगी ट्रेनिंग

केंद्रों पर युवाओं को नागरिक सुरक्षा और समुदाय आधारित आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्राम पंचायतों में भी प्रशिक्षण व माक ड्रिल कराई जाएंगी। प्रशिक्षित पीआरडी स्वयंसेवकों और युवाओं को पुलिस, एसडीआरएफ व एनडीआरएफ के सहयोग के लिए तैयार किया जाएगा।

जरूरत पड़ने पर इन्हें स्थानीय इंसीटेंड रेस्पांस टीम के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके अलावा युवा केंद्रों को करियर काउंसलिंग और कौशल विकास का केंद्र भी बनाया जाएगा। कृषि, उद्यान, उद्योग और ग्रामोद्योग समेत अन्य विभागों से समन्वय कर प्रशिक्षण कार्यक्रम कराए जाएंगे।

युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए केंद्र फेसिलिटेशन सेंटर के रूप में काम करेंगे। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना जैसी योजनाओं के लिए पात्र युवाओं को चिह्नित कर संबंधित विभाग को सूचना दी जाएगी। केंद्रों पर डिजिटल लाइब्रेरी संचालित होगी।

युवाओं को खेल, योग और व्यायाम से जोड़ने के साथ नशा मुक्ति के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण, स्थानीय पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार, लोक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत से युवाओं को जोड़ने के लिए कार्यक्रम होंगे।

युवाओं के कौशल विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में यह केंद्र बहुत कारगर साबित होंगे। लखनऊ में गोसाईंगंज और मोहनलालगंज में युवा केंद्र बनाए जाएंगे।

-अनिल तिवारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी