लखनऊ स्टेशन पुनर्विकास: तीन प्लेटफार्मों पर ब्लॉक, 58 ट्रेनों पर असर, फिर बढ़ेगी यात्रियों की परेशानी
लखनऊ रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के अगले चरण के लिए सितंबर के तीसरे सप्ताह से तीन प्लेटफार्मों पर ब्लॉक लिया ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सितंबर के तीसरे सप्ताह से तीन प्लेटफार्मों पर ब्लॉक।
पुनर्विकास के तहत एयर कांकोर्स का निर्माण कार्य।
लखनऊ मेल सहित 58 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलेंगे।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। रेलवे लखनऊ स्टेशन के पुनर्विकास प्रोजेक्ट के तहत दूसरे चरण का काम सितंबर के तीसरे सप्ताह से शुरू करेगा। इस दौरान तीन प्लेटफार्मों का ब्लाक लिया जाएगा, जिससे कई ट्रेनों के प्लेटफार्म और स्टेशनों में बदलाव होगा।
रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) लगभग 350 करोड़ रुपये की लागत से लखनऊ स्टेशन का पुनर्विकास कर रहा है। आनंद नगर की ओर नया स्टेशन भवन तैयार किया जा रहा है, जिसे लखनऊ स्टेशन के प्लेटफार्म एक से जोड़ने के लिए एयर कांकोर्स का निर्माण किया जा रहा है। लखनऊ स्टेशन और लखनऊ जंक्शन को स्काई वाक से जोड़ा जाएगा।
हालांकि, एयर कांकोर्स के निर्माण की गति धीमी रही है। 29 मई को आरएलडीए की लापरवाही से प्लेटफार्म नंबर पांच के शेड का एक हिस्सा गिर गया था, जिसके बाद रेलवे बोर्ड के अधिकारियों ने लखनऊ स्टेशन का निरीक्षण कर निगरानी समिति का गठन किया। यह समिति प्रतिदिन होने वाले कामों की समीक्षा करती है।
आरएलडीए को सितंबर के दूसरे सप्ताह तक एयर कांकोर्स के पिलर और बीम का काम पूरा करना है। इसके लिए जुलाई से दो प्लेटफार्मों को बंद कर 35 ट्रेनों के रूट और स्टेशन परिवर्तित कर दिए गए हैं। अब रेलवे सितंबर के दूसरे सप्ताह के बाद लखनऊ स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से तीन तक एयर कांकोर्स का शेष काम पूरा करेगा।
इस ब्लाक के कारण वीआइपी ट्रेन लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस, चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस सहित 58 ट्रेनों के प्लेटफार्मों और स्टेशनों में बदलाव होगा।
