Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हाथ मिलाकर बधाई फिर गले मिलने के बहाने जेब से उड़ाए 35 हजार रुपये, लखनऊ पुलिस ने आरोपी को दबोचा

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 06:04 AM (IST)

    कैसरबाग पुलिस ने हाथ मिलाकर और गले लगने के बहाने जेब से रुपये चुराने वाले साजमान उर्फ हबड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए 3 ...और पढ़ें

    हाथ मिलाकर बधाई और गले मिलने के बहाने जेब से 35 हजार पार करने वाला गिरफ्तार।

    हाथ मिलाकर बधाई और गले मिलने के बहाने जेब से 35 हजार पार करने वाला गिरफ्तार।

    HighLights

    1. कैसरबाग पुलिस ने जेबकतरा साजमान उर्फ हबड़ी को पकड़ा।

    2. हाथ मिलाकर और गले लगने के बहाने करता था चोरी।

    3. नशे की लत पूरी करने के लिए चुराए थे 35 हजार रुपये।

    जागरण संवाददाता, लखनऊ। कैसरबाग पुलिस ने हाथ मिलाकर और गले मिलने के बहाने जेब से रुपये पार करने वाले युवक को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान मछली मोहाल, जम्बूरखाना निवासी साजमान उर्फ हबड़ी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 5,250 रुपये बरामद हुए हैं।

    इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि फूलबाग निवासी गोपाल चौहान ने 26 जून को कैसरबाग थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने उनसे हाथ मिलाने के बाद गले लगाकर बधाई दी और इसी दौरान पैंट की पिछली जेब से 35 हजार रुपये निकालकर भाग गया।

    तहरीर के आधार पर पुलिस ने चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की थी। आठ अगस्त की रात कैसरबाग पुलिस बटलर पार्क के पीछे सड़क के पास संदिग्धों की तलाश और चेकिंग कर रही थी।

    इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर पीछे मुड़कर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम साजमान उर्फ हबड़ी बताया।

    कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने करीब एक माह पहले स्कूटी से जा रहे व्यक्ति को रोककर बातचीत के दौरान हाथ मिलाने और गले मिलने के बहाने उसकी जेब से रुपये निकालने की बात स्वीकार की।

    पुलिस के अनुसार आरोपित ने पूछताछ में बताया कि उसे नशे की लत है और कोई नियमित काम नहीं करता। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए वह छोटी-मोटी चोरी करता है। चोरी किए गए बाकी रुपये खाने-पीने में खर्च होने की बात कही। पुलिस ने उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- आगरा में फर्जी कॉल सेंटर से 15 राज्यों में दो करोड़ की ठगी, 2500 बेरोजगारों को बनाया निशाना