विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में घर खरीदने का बड़ा मौका! आगरा एक्सप्रेसवे के पास जल्द बसेगी 15000 प्लॉट वाली हाईटेक टाउनशिप

Published: Fri, 21 Aug 2026 08:21 PM (IST)

लखनऊ में आगरा एक्सप्रेसवे के पास वरुण विहार योजना के तहत एक नया आवासीय और औद्योगिक शहर विकसित किया जाएगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. आगरा एक्सप्रेसवे के पास वरुण विहार योजना के तहत नया शहर।

  2. 6580 एकड़ में आवासीय और औद्योगिक शहर का विकास।

  3. 15 हजार से अधिक भूखंडों के साथ ग्रीन बेल्ट भी।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। शहर में आगरा एक्सप्रेसवे के पास आवासीय के साथ औद्योगिक शहर भी बसेगा। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से अर्बन चैलेंज फंड योजना के तहत वरुण विहार को भी धनराशि मिलने का रास्ता साफ हो गया है। मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में इस पर मुहर लग गई है। आवासीय योजना के साथ राजधानी में अन्य विकास कार्यों को भी धन का आवंटन किया गया है।

लखनऊ विकास प्राधिकरण की वरुण विहार योजना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे व मोहान रोड के निकट 6580 एकड़ में बसायी जाएगी। प्रदेश की अब तक की यह सबसे बड़ी आवासीय योजना होगी।

इसके लिए सदर व सरोजनी नगर तहसील के ग्राम भलिया, आदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ एवं मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा व दोना की भूमि ली गई है। इस योजना में कुल 25 सेक्टर होंगे, जिनमें 15 हजार से अधिक भूखंड सृजित किए जाएंगे।

इससे बड़ी आबादी को आवासीय सुविधा मिलेगी। योजना में 800 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में ग्रीन बेल्ट, पार्क व वाटर बाडीज विकसित की जाएगी, जिसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स व सेंट्रल पार्क होगा। 300 एकड़ में लाजिस्टिक पार्क विकसित किया जाएगा।

एलडीए की वशिष्ठ नगर योजना भी आगरा एक्सप्रेस-वे के पास 1035 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाने वाली महत्वाकांक्षी टाउनशिप होगी। कुछ दिन पहले ही इसे शासन की मंजूरी मिली है, इस योजना में स्टार्टअप्स और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए एमएसएमई विभाग को 50 एकड़ जमीन दी जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही इसका शुभारंभ करेंगे और उसी दिन से पंजीकरण शुरू हो जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया, मुख्यमंत्री विस्तारीकरण योजना के तहत पहले चरण में वरुण विहार के कैलाश खंड में 1218 व काशी खंड में 708 सहित कुल 1926 आवासीय भूखंड होंगे। यह भूखंड 112.5, 162, 200, 288, 300 व 450 वर्ग मीटर के होंगे। भूमि का मूल्य 2800 रुपये प्रति वर्ग फीट प्रस्तावित किया गया है।

अर्बन चैलेंज फंड से इन्हें भी मिलेगा धन

1090 चौराहे पर 2.3 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर

1090 चौराहे पर बैकुंठ धाम से ला-मार्टीनियर गर्ल्स कॉलेज के ग्राउंड तक 2.3 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित है। इस योजना में 330 करोड़ रुपये खर्च होंगे और लगभग 10 लाख की शहरी आबादी को इसका लाभ मिलेगा। इसी तरह 30 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित पत्रकारपुरम मल्टीलेवल पार्किंग के लिए वित्तीय अनुदान मिलेगा।

हनुमान सेतु के पास बहुमंजिला लाइब्रेरी

उपाध्यक्ष ने बताया कि हनुमान सेतु के पास 2592 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बहुमंजिला लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। लखनऊ विश्वविद्यालय के पास यह लाइब्रेरी बनने से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा। इसके निर्माण में 58.78 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा 195 करोड़ रुपये की लागत से कैलाशकुंज कांप्लेक्स के री-डेवलपमेंट कार्य के लिए यूसीएफ वित्तीय सहायता देगा।

इकाना के पास 40 करोड़ से बन रहा 1500 मीटर लंबा नाला

सीजी सिटी में इकाना स्टेडियम के पास लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से 1500 मीटर लंबा बाक्स ड्रेन नाला निर्मित हो रहा है। इससे सीजी सिटी व आसपास विकसित 10 से अधिक निजी टाउनशिप की वर्षा जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी

गोमती पर बन रहा छह लेन पुल

बैकुंड धाम के पास से ग्रीन कारिडोर के करीब गोमती नदी पर 70 करोड़ रुपये की लागत से 330 मीटर लंबा 6-लेन ब्रिज का निर्माण हो रहा है। इससे समतामूलक और 1090 चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा। निशातगंज से डालीबाग व हजरतगंज की ओर जाने वाले लोग ब्रिज के माध्यम से सीधे सफर तय कर सकेंगे। इसका 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है।

यह भी पढ़ें- 27 अगस्त से चलेगी प्रयागराज-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल