लखनऊ में भीषण सड़क हादसा: श्रद्धालुओं की कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, एक की मौत, सात घायल
लखनऊ के किसान पथ पर श्रद्धालुओं की कार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिसमें कार चालक की मौत हो गई। इस भीषण हादसे में चार महिलाओं और तीन युवकों स ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण टीम, लखनऊ। किसान पथ पर डलौना रेलवे क्रासिंग के पास मंगलवार की सुबह उड़ीसा निवासी श्रद्धालुओं की कार ईंट-लदी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना में कार चालक अंदर ही फंस गया। पुलिस ने उसे किसी तरह बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां मृत घोषित कर दिया गया। चार महिलाओं और तीन युवकों समेत सात लोगों को चोटें आई हैं। इनमें दो की हालत नाजुक है।
पीजीआइ थाने के इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि उड़ीसा के पुरी से श्रद्धालु अर्टिगा कार बुक कर मथुरा में दर्शन के लिए गए थे। मथुरा से सभी लोग सोमवार रात अयोध्या के लिए निकले।
तड़के 4:20 बजे उनकी कार किसान पथ के डलौना रेलवे क्रासिंग पर आगे जा रही ईंट लदी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी श्रद्धालु कार में ही फंस गए। पास से गुजर रहे राहगीरों ने सूचना पीजीआइ थाने की पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने अभियान चलाकर कटर से गाड़ी के दरवाजे काटे और अंदर फंसे चालक समेत अन्य घायलों को बाहर निकाला। हादसे में अर्टिगा चालक संदीप और अन्य लोग गंभीर रूप से चोटिल हो गए। पुलिस ने इन्हे एपेक्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया जहां संदीप को मृत घोषित कर दिया गया।
कार सवार शुभाशीष मोहंती, स्मिताजंलि शाहू, तिलावेरा, टिडा सुबोधा, बसंत दास, जयंती रथा, साईं रामरथ घायल हो गए। इनमें दो लोगों की हालत नाजुक होने पर आइसीयू में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर शिकायत के आधार पर छानबीन की जा रही है।
खबरें और भी
काफी देर बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद किसान पथ पर काफी देर तक यातायात बाधित हो गया। सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से किनारे कराते हुए यातायात सुचारू कराया।
सड़कों पर बेतरतीब ढंग से दौड़ रही ट्रैक्टर-ट्राली
सड़कों पर बेतरतीब तरीके से नियमों के विपरीत ट्रैक्टर-ट्राली ईंट, भूंसा और अन्य सामान लादकर फर्राटा भर रहे हैं। इनकी वजह से अक्सर हादसे होते हैं। मंगलवार को जिस वाहन से हादसा हुआ उसमें भी पीछे न तो रेडियम था और न ही कोई लाइट लगी थी। ईंट लदी ट्रालियों से अक्सर ईंट भी सड़कों पर गिरते हैं। स्थानीय लोगों ने ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।