लखनऊ में प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं खाताधारक? सवा दो घंटे बंद रहा बैंक
लखनऊ में बैंक ऑफ बड़ौदा की डॉ. शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय शाखा में खाताधारकों ने धोखाधड़ी के खिलाफ सवा दो घंटे प्रदर्शन किया। ग्राहक सेवा केंद्र संच ...और पढ़ें

HighLights
खाताधारकों ने बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में प्रदर्शन किया।
करोड़ों की धोखाधड़ी के बाद पैसे वापसी की मांग।
बैंक अधिकारियों ने 30-45 दिनों में समाधान का आश्वासन दिया।
संवाद सूत्र, लखनऊ। बैंक आफ बड़ौदा की डा. शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय परिसर शाखा में शुक्रवार को भी सवा दो घंटे तक खाताधारकों ने प्रदर्शन किया। शाखा नहीं खुली तब बैंक के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और 30 से 45 दिनों में पैसे दिलाने का भरोसा दिया, इसके बाद लोग माने और बैंक में कामकाज शुरू होने दिया।
बैंक शाखा में गत महीने ग्राहक सेवा केंद्र संचालक शिवा राव ने कई खाता धारकों के खाते से करोड़ों रूपये निकाल लिए थे। इसको लेकर खातधारक कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन उन्हें आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिल रहा। शुक्रवार को भी कई खाताधारक सुबह 10 बजे बैंक शाखा पहुंच गए और बैंककर्मियों को ताला तक खोलने नहीं दिया। बैंककर्मियों ने उच्चाधिकारियों को सूचित किया।
12:15 बजे बैंक के लखनऊ मैट्रो क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक कमलेश राठौर, उप क्षेत्रीय प्रबंधक क्षेत्रीय कार्यालय अजय कुमार सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक दीपक कुमार सिंह, महेंद्र कुमार श्रीवास्तव व वरिष्ठ प्रबंधक नंदनी शुक्ला सहित कई अधिकारी शाखा पहुंचे। उनके साथ जमीन पर बैठकर समस्या सुनी।
प्रो. आशुतोष पाठक ने खाताधारक जानकी, सरोजनी, राम नरेश गुप्ता, सालिगराम पाल, कुसमा देवी, रामप्यारी, सुमन रावत, जयश्री, रुचि पाल, लीलावती, मोनी राजपूत, पूनम, रीतू, रामदेई, सपना प्रजापति की समस्या बताई।
डिप्टी खेड़ा के रामजीवन ने बताया कि जमीन बेचकर पिता पप्पू के खाते में 63 लाख, दादी रामपति के खाते में 25 लाख व चाची गुड़िया के खाते में 20 लाख रुपये जमा थे। अब खाते में पैसे ही नहीं हैं। उप महाप्रबंधक कमलेश राठौर ने कहा कि पुलिस के साथ बैंक जांच एजेंसी के साथ मिलकर मामले की गहनता से जांच कर रहा है। जिनके साथ फ्राड हुआ है, उनके पैसे दिलवाए जाएंगे।
खबरें और भी
इस संबंध में दो बार डीएम से वार्ता भी की गई है। शाखा प्रबंधक आरके सिन्हा को आदेश दिया कि सभी खाताधारकों को बुलाकर या घर पर लिखित पत्र दें कि उनके खाते में अब गड़बड़ी नहीं होगी।
बीते गुरुवार को भी खाता धारकों ने बैंक आफ बड़ौदा के अगले व पिछले गेट में ताला डालकर बैंक मैनेजर आरके सिन्हा सहित बैंक कर्मियों को छह घंटे तक बंधक बना लिया था। शाम को पुलिस ने बैंक के उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने का आश्वासन देकर ताला खुलवाया। उसके बाद बैंक मैनेजर व कर्मी बाहर निकल सके थे।