31 जुलाई तक GST अपील न करने वाले करदाताओं को मिल सकती राहत, डेट बढ़ने की उम्मीद
जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण में अपील की समय सीमा चूकने वाले करदाताओं को राहत मिल सकती है, क्योंकि इसकी अवधि बढ़ने की संभावना है। आईसीएआई लखनऊ द्वारा आयो ...और पढ़ें

31 जुलाई तक अपील न करने वाले करदाताओं को मिल सकती राहत।
HighLights
जीएसटी अपील की समय सीमा बढ़ने की संभावना, करदाताओं को राहत।
आईसीएआई लखनऊ सेमिनार में जीएसटी विवाद निपटारे पर चर्चा हुई।
अपीलीय न्यायाधिकरण पोर्टल की तकनीकी समस्याएँ जल्द होंगी हल।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) के 2017 से लेकर अब तक के प्रकरणों की जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण (जीएसटीएटी) में अपील करने की समय सीमा भले ही बीत चुकी है लेकिन, अभी करदाताओं को निराश होने की जरूरत नहीं है। सभी राज्यों के न्यायाधिकरणों से सुझाव मांगे गए हैं, संभव है कि अपील करने की अवधि और बढ़ जाए।
इंस्टीट्यूट ऑफ कास्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआ) लखनऊ चैप्टर की ओर से रविवार को होटल डैमसन प्लम में एक दिवसीय सेमिनार हुआ। इसमें करदाताओं और टैक्स प्रोफेशनल्स को जीएसटी से जुड़े विवादों के निपटारे की जानकारी देने के लिए जीएसटी वाद-विवाद व जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण विषय पर सेमिनार कराया गया।
जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण लखनऊ पीठ के न्यायिक सदस्य संतोष श्रीवास्तव ने कहा कि जीएसटी अपील पोर्टल पर अभी कुछ तकनीकी समस्याएं हैं, लेकिन इन्हें बहुत जल्द हल कर लिया जाएगा। जिन लोगों ने निर्धारित समय सीमा में अपील दाखिल नहीं किया है, उन करदाताओं को राहत मिल सकती है।
न्यायिक सदस्य नरेंद्र कुमार ने टैक्स प्रोफेशनल्स को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया ताकि बेंच की कार्यप्रणाली सरल और प्रभावी बन सके। सीएसजीएसटी के तकनीकी सदस्य अरविंद कुमार ने विस्तार से अपील दाखिल करने की प्रक्रिया और पोर्टल पर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के तरीके समझाए।
खबरें और भी
आईसीएआई लखनऊ के चेयरमैन रंजीत सिंह ने बताया कि इसका उद्देश्य आम लोगों, व्यापारियों व टैक्स कंसल्टेंट्स को जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण की कार्यप्रणाली और जीएसटी अपील पोर्टल पर अपील दाखिल करने की प्रक्रिया से अवगत कराना था। अब जीएसटी के अंतर्गत वाद-विवाद की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी।
मुख्य वक्ता चंडीगढ़ के अनिल शर्मा ने पूछा कि यदि कोई करदाता 31 जुलाई तक अपील दाखिल नहीं कर पाया तो उसके लिए क्या उपाय उपलब्ध है? इस पर बेंच सदस्यों ने कहा कि ऐसे मुद्दे उद्योग और व्यापार के हित में विचाराधीन हैं।
आईसीएआई के केंद्रीय पदाधिकारी सीए डॉ. आशीष पी. ठट्टे, हैदराबाद के बीएम गुप्ता ने कई जानकारियां दी। कार्यक्रम में अभिषेक, नैन्सी गुप्ता, अमित यादव, जूही उपाध्याय, राजेंद्र एस. भाटी सहित देशभर से आए 200 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।